रात करीब एक बजे तक फैक्टरी और आवास पर जारी रही सघन जांच
बरेली। परसाखेड़ा स्थित आरके ट्रेडर्स नमकीन फैक्टरी पर बुधवार देर रात तक केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) टीम की कार्रवाई चली। कर चोरी की आशंका में संदिग्ध दस्तावेज जब्त कर टीम दिल्ली लौट गई। इस कार्रवाई की सूचना से बृहस्पतिवार को भी क्षेत्र में हलचल रही।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर टीम फैक्टरी परिसर पहुंची थी। शाम को आरके ट्रेडर्स के संचालक के राजेंद्रनगर स्थित आवास पर भी टीम पहुंची थी। छानबीन के दौरान डिजिटल डाटा के साथ रजिस्टर को भी जब्त किया है। मौके से बड़ी संख्या में कच्चे बिल मिले हैं। कच्चे माल की आपूर्ति, नमकीन तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री की खरीद, तैयार माल के खुले स्टाॅक समेत पैकेट बंद माल आदि का मिलान कराया। इसमें हेर-फेर मिला है। कहां, किससे माल लिया, ट्रेडमार्क पंजीकरण है या नहीं, किन-किन नामों से कौन-कौन से उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे हैं, उनकी आपूर्ति समेत वार्षिक कर देयता के सापेक्ष अदायगी, अग्रिम कर समायोजन आदि का मिलान किया गया।
जांच के दौरान जो दस्तावेज संदिग्ध मिले, उन्हें जब्त कर टीम साथ ले गई। हालांकि, संचालक दिलीप अग्रवाल का दावा है कि सीजीएसटी टीम रूटीन जांच के लिए आई थी। फैक्टरी और आवास पर कर चोरी संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला है। अगर कोई भुगतान होगा तो वह कर दिया जाएगा। ब्यूराे