बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी ने नैनीताल रोड, सिरसा चौकी रोड और नरायन नगला मार्ग (कताई मिल रोड) पर विशेष रूप से चेकिंग करने का निर्देश दिया। कहा कि तीनों रूटों पर पैन-टिल्ट-जूम (पीटीजेड) कैमरे लगवाए जाएं।
बैठक में खनन अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि जब वाहन पकड़ा जाता है, तो कुछ चालक उसे लॉक करके भाग जाते हैं। वाहन मालिक घर बैठे ही जीपीएस लाॅक कर देते हैं। इससे वाहन को पुलिस स्टेशन ले जाने में परेशानी होती है।
इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाए। पकड़े गए वाहनों को खड़ा करने के लिए एक होल्डिंग एरिया चिह्नित किया जाए।
अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी दशा में बिना वैध प्रपत्र के कोई भी वाहन निकलने न पाए। ब्यूरो