शिक्षकों ने प्राचार्य का घेराव किया
- फोटो : संवाद
बरेली कॉलेज के शिक्षकों ने बायोमीट्रिक हाजिरी के विरोध में सोमवार को प्राचार्य का उनके ही कार्यालय में घेराव किया। शिक्षकों ने दो टूक कहा कि जब तक शासन स्तर से कोई आदेश नहीं आता है, वह एक से अधिक बार बायोमीट्रिक हाजिरी नहीं लगाएंगे।
शिक्षकों ने कहा कि यदि कॉलेज की व्यवस्था को सुधारना है तो कक्षाओं का औचक निरीक्षण करें। इस तरह का आदेश शिक्षकों पर दबाव है। वहीं, प्राचार्य ओपी राय ने शिक्षकों से कहा कि प्रबंध समिति के सचिव देवमूर्ति के मौखिक आदेश के बाद ही उन्होंने ये आदेश जारी किया है। इसलिए सभी शिक्षकों से अनुरोध है कि एक बार प्रबंध समिति के सचिव से मिलकर बात करें।
प्राचार्य ने यह भी कहा कि कई शिक्षक एक बार की हाजिरी लगाकर चले जाते हैं, उन पर सख्ती के लिए ये नियम बनाया गया है। शिक्षकों ने विभाग में चेंबर की व्यवस्था को दुरुस्त करने और सभी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। प्राचार्य ने कहा कि पहले महाविद्यालय में चल रहे निर्माण पूरे हो इसके बाद सभी विभागों को धीरे-धीरे दुरुस्त किया जाएगा। शिक्षकों ने चुनाव ड्यूटी से भी मुक्त रखने की मांग उठाई।
155 शिक्षकों ने लगाई बायोमीट्रिक हाजिरी
विरोध के बीच सोमवार को करीब 155 ने बायोमीट्रिक हाजिरी लगाई। इसमें बड़ी संख्या सेल्फ फाइनेंस शिक्षकों, कर्मचारियों की है। प्राचार्य ओपी राय ने दावा किया कि करीब पचास प्रतिशत शिक्षकों ने आते और जाते समय बायोमीट्रिक कराई। धीरे-धीरे सभी शिक्षकों को समझ आएगा कि ये आदेश कॉलेज की भलाई के लिए है।