यूपी के बरेली जिले के सीबीगंज के खलीलपुर में घरेलू विवाद के चलते 26 वर्षीय शिक्षिका ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम से घटनास्थल की जांच कराई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
सीबीगंज स्थित खलीलपुर कन्या पाठशाला के पास स्टेट बैंक वाली गली निवासी निक्की सिंह पत्नी नवल सिंह अटामांडा स्थित एक कॉलेज में शिक्षिका थीं। उनकी शादी करीब छह साल पहले शाहजहांपुर निवासी नवल सिंह से हुई थी। दंपती का पांच साल का बेटा वीर सिंह है। पति एक कार कंपनी में काम करते हैं। समय मिलने पर वह देवी जागरण भी करते है।
नवल सिंह के मुताबिक, रात करीब दो बजे देवी जागरण से घर लौटे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। शनिवार सुबह करीब छह बजे परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो निक्की सिंह का शव पंखे के कुंडे से लटका मिला। थाना प्रभारी रवि कुमार ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।