शहर के एक निजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध मरीज मिले हैं। हालांकि इनमें निमोनिया वायरल पाया गया है, लेकिन इनके भी सैंपल जांच के लिए लखनऊ भेजे जाएंगे। शहर के एक मेडिकल कालेज में भर्ती दोनों मरीजों की सूचना सीएमओ को रात में मिली। हालांकि उन्होंने एक संदिग्ध मरीज भर्ती होने की पुष्टि की है। उधर, सूचना के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों को देखने नहीं पहुंची।
सीबीगंज की अनीता के बाद अब पिथौरागढ़ और बीसलपुर के रहने वाले दो व्यक्तियाें को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध माना जा रहा है। दोनाें मरीजों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच है। मेडिकल कालेज के चिकित्सक ने बताया कि अभी मौसमी फ्लू के मरीज भी आ रहे हैं। सभी को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए नहीं भेजा जा सकता। जो दो मरीज मिले हैं वे वायरल निमोनिया से पीड़ित हैं। इनमें स्वाइन फ्लू के कुछ लक्षण मिल रहे हैं। इसकी जानकारी सीएमओ को दे दी गई है। इन्हें अस्पताल के ही आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। सोमवार को सैंपल लखनऊ भेजे जाएंगे।
रात तक नहीं मिली सर्विलांस टीम को जानकारी
स्वाइन फ्लू पर नजर रखने के लिए बनाई गई इंटीग्रेटेड सर्विलांस डिसीज प्रोग्र्राम की टीम को वायरल नमूने से पीड़ित स्वाइन फ्लू संदिग्ध मरीजों की जानकारी रविवार रात तक नहीं मिली। इस संबंध में सर्विलांस प्रभारी डा. मीसम अब्बास से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी सीएमओ से बात करते हैं। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वहीं, अलर्ट का दावा करने वाला सीएमओ कार्यालय का हेल्पलाइन नंबर भी केवल बजता रहा।
‘मुझे एक संदिग्ध मरीज की सूचना मिली है। इनका नमूना सोमवार को जांच के लिए भेजा जाएगा।’
डॉ. विजय यादव, सीएमओ
आईएमए के साथ सीएमओ ने की बैठक
रविवार को सीएमओ ने आईएमए के पदाधिकारियाें के साथ बैठक की। इसमें स्वाइन फ्लू के साथ अन्य मामलाें पर चर्चा की गई। निजी अस्पतालाें को अलर्ट रहने, जानकारी देने और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए कहा गया। चेताया भी गया, जानकारी नहीं देने पर कार्रवाई होगी।