दोनों मरीजों के सैंपल की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उधर एसडीएम मीरगंज और उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में तैनात जल निगम के अधिशासी अभियंता के सैंपल निगेटिव आए हैं। सोमवार को चार अन्य नमूने भी लिए गए जिन्हें जांच के लिए लखनऊ भेज दिया गया है।
मेडिकल कालेज में भर्ती महिला समेत शनिवार को छह संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए थे। इनमें एसडीएम मीरगंज और पिथौरागढ़ में तैनात जल निगम के अधिशासी अभियंता भी शामिल थे। इनमें एसडीएम और अधिशासी अभियंता समेत चार लोगाें की रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद मेडिकल कालेज में भर्ती महिला और जिला अस्पताल में भर्ती युवक को सर्विलांस टीम ने अपनी निगरानी में रखा है। सीएमओ ने बताया कि महिला राजस्थान से आई थी जबकि उझानी निवासी युवक दिल्ली से लौटकर आया था।
चार नमूने लिए गए
जिला अस्पताल में आए तीन मरीजों के नमूने लेकर लखनऊ भेजे गए हैं। एक मरीज प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। सीएमओ डॉ. विजय यादव के मुताबिक रिपोर्ट आने तक इन्हें सर्विलांस टीम देख रही है। चारों मरीजों को टैमिफ्लू दवा भी दी गई है।
जांच बगैर कराए चली गई
जिला अस्पताल में सोमवार को डॉ. वीपी धस्माना के पास इलाज कराने आई एक बुजुर्ग महिला स्वाइन फ्लू का नाम सुनते ही भाग खड़ी हुई। डॉ. धस्माना ने बताया कि महिला निमोनिया से पीड़ित थी। उसमें स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखे तो उसे पैथालॉजी में जांच कराने को भेजा गया लेकिन वह वहां नहीं पहुंची। डॉक्टर ने बताया कि महिला मुरादाबाद से लौटक र आई थी।