कर्मचारियों ने दरगाह रोड पर डाला कचरा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के बिहारीपुर में दरगाह रोड पर कूड़ा गाड़ी रास्ते से हटाने को लेकर नगर निगम के कर्मचारियों को कार सवार लोगों ने जमकर पीटा। विरोध में सफाई कर्मचारियों ने सारी गाड़ियों का कूड़ा पलटकर रोड जाम कर दिया। जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा, एससी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। दूसरे पक्ष ने अफसरों को पत्र देकर कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
नगर निगम के सफाई कर्मचारी सुरेंद्र पाल ने कोतवाल धर्मेंद्र सिंह को तहरीर दी कि शनिवार सुबह वह और कर्मचारी शेर सिंह दरगाह आला हजरत मोड़ से कूड़ा उठा रहे थे। सर्वेश वाहन चला रहा था। एक कार आई जो मियां की बताई गई पर उसमें मियां नहीं थे। ड्राइव कर रहे शाहरुख ने सर्वेश से कूड़ा गाड़ी हटाने के लिए कहा। वह गाड़ी हटाने भी लगे पर शाहरुख ने सर्वेश को खींचकर पिटाई कर दी।
ये भी पढ़ें- UP: सद्दाम से निभाई दोस्ती... न खोली हिस्ट्रीशीट न लगाई चार्जशीट; किरकिरी के बाद अब बरेली पुलिस करेगी ये काम
सुरेंद्र ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी पीटा। शाहरुख और उसके साथी दोनों कर्मचारियों को दरगाह की गली में खींचकर ले गए। शेर सिंह को जातिसूचक गालियां दीं, शिकायत पर जान से मारने की धमकी देते हुए तमंचा निकालकर धमकाया और उसकी बट से पीटा। सुरेंद्र ने चेन लूटने का भी आरोप लगाया। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
सफाई कर्मचारी पर आग लगाने की धमकी देने का आरोप
दूसरे पक्ष की ओर से बिहारीपुर कुतुबख्वाजा निवासी शादरोज अली ने एसपी सिटी, सीओ आदि को पत्र दिया। बताया कि वह लोग कार से दरगाह आ रहे थे। रास्ते में सर्वेश कूड़े की गाड़ी लिए खड़ा था। गाड़ी हटाने को कहा तो वह गालीगलौज करने लगा और गाड़ी में रखा तमंचा निकाल लिया। फायर मिस होने पर उसने गाड़ी से डंडा निकाल लिया और पीटने लगे। इससे उन्हें काफी चोट आई है। सर्वेश आदि ने आगजनी की भी धमकी दी। उन्होंने इन लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
मौके पर फेंका कूड़ा, इंस्पेक्टर से भी नोकझोंक
सुबह घटनाक्रम के बाद सफाई कर्मियों ने उसी रोड पर कूड़े का अंबार लगा दिया जहां विवाद हुआ था। तब कोतवाली इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक हुई। सफाई कर्मचारियों के नेता भी मौके पर आ गए।
सफाई मजदूर यूनियन के महामंत्री राजेश कुमार ने बताया अभी बिहारीपुर में ही काम ठप है, जब तक कार के ड्राइवर व आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब शहर भर में हड़ताल की जाएगी। इंस्पेक्टर ने सफाईकर्मियों की नोकझोंक भी हुई। रिपोर्ट होने पर सफाईकर्मी मान गए।
एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि सफाईकर्मियों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। विवेचना सीओ प्रथम करेंगी। दूसरे पक्ष ने भी शिकायत दी है, इसकी जांच करा ली जाएगी।