स्वामी चिन्मयानंद पर आरोप लगाने वाली छात्रा एसआईटी की पूछताछ के बाद सोमवार को मीडिया के सामने आई। छात्रा ने आरोप लगाया कि स्वामी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और एक साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। उसने दिल्ली में दुष्कर्म की तहरीर दी लेकिन अभी तक यह मामला शाहजहांपुर में दर्ज नहीं किया गया।
24 अगस्त को फेसबुक पर स्वामी चिन्मयानंद पर गंभीर आरोप लगाने वाली छात्रा सोमवार दोपहर ढाई बजे अपने घर पर मीडिया से रूबरू हुई। छात्रा ने शाहजहांपुर के डीएम पर पिता को धमकाने का आरोप भी लगाया। स्वामी चिन्मयानंद से पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में संदेह के घेरे में आए संजय को उसने भाई बताया। कहा कि वह डर की वजह से संजय के साथ राजस्थान में थी।
छात्रा ने आरोप लगाया कि स्वामी चिन्मयानंद ने एक साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। छात्रा ने कहा कि उसने दिल्ली के लोधी थाने में दुष्कर्म की तहरीर दी। वहां से उसकी शिकायत की एक कॉपी एसआईटी को दे दी गई, लेकिन शाहजहांपुर की चौक कोतवाली में उसकी तहरीर पर अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
उसने आरोप लगाया कि कॉलेज में और भी छात्राएं हैं, जिनके साथ स्वामी ने इसी तरह की हरकतें की हैं, लेकिन वह पहली लड़की है, जिसने स्वामी के खिलाफ आवाज उठाई है। छात्रा ने कहा कि उसके पास सबूत हैं और वह समय आने पर सारे सबूत पेश करेगी।
छात्रा ने कहा कि एसआईटी ने उससे व उसके पिता से 11 घंटे तक पूछताछ की। उसे एसआईटी की पूछताछ से कोई दिक्कत नहीं है लेकिन आरोपी स्वामी चिन्मयानंद से अभी तक न तो पूछताछ की गई और न ही उसे गिरफ्तार किया गया, जबकि उससे कई चरण में पूछताछ हो चुकी है।
छात्रा ने आरोप लगाया कि जब उसके पिता ने चौक कोतवाली में तहरीर दी थी तब डीएम ने उसके पिता को धमकाया था। उसने डीएम पर भी कार्रवाई की मांग की।