बरेली। कोर्ट परिसर से फरार वाहन चोरी के आरोपी सचिन सिंह की तलाश में पुलिस को सफलता नहीं मिल सकी है। चार टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। वहीं, लापरवाही के आरोप में निलंबित आठों पुलिसकर्मी भी सचिन की तलाश कर रहे हैं।
वंशीनगला में किराये पर रह रहा 22 साल का सचिन पेशेवर वाहन चोर है। कोर्ट में उसे सेंट्रल जेल टू से पेशी पर लाया गया था। वहां से वह चकमा देकर भाग निकला। उसकी निगरानी में लगाए पुलिसकर्मियों ने अपनी गलती छिपाने के लिए कोर्ट के हवालात में तैनात अपने साथियों को भी अंधेरे में रखा। वहां पांच अन्य बंदियों को अंदर करके छह की आमद लिखवा दी। एसएसपी ने सभी आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवा दी। अब कोतवाली पुलिस की दो टीमों के साथ ही सर्विलांस व साइबर सेल की टीमें भी उसकी तलाश में जुटी हैं। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि हरसंभव जगह सचिन की तलाश की जा रही है।