पूर्व राज्यमंत्री भगवत सरन गंगवार ने एक बयान में सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जी कह कर नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके बयान पर भड़के भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया और विधायक का पुतला फूंका। पुतला फूंकने के दौरान भगवत के समर्थक पुतला छीन ले गए। दोबारा पुतला बनाकर जब प्रदर्शनकारियों ने पुतला जलाने की कोशिश की तो दोनों पक्षों में हाथापाई हुई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है।
सोमवार को ग्राम बीजामऊ में सीसी रोड के उद्घाटन के दौरान क्षेत्र के सपा विधायक व पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने पाकिस्तान पर किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को फर्जी बताते हुए इसे, गुजरात में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की एक करतूत पर पर्दा डालने का प्रयास बताया था। पूर्व मंत्री के बयान से भड़के भाजपाई पार्टी नेता डा. एमपी आर्य के नेतृत्व में मंगलवार की शाम बिजौरिया रोड तिराहा पर विधायक का पुतला फूंकने की तैयारी कर रहे थे। भनक लगते ही सपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अनिल गंगवार अपने बीसियों समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच हुई तीखी नोंक-झोंक हुई। सपाई भाजपाइयों से पुतला छीनकर वहां से जाने लगे। इसी दौरान आनन-फानन में भाजपाइयों ने विधायक का दूसरा पुतला तैयार कर फूंक डाला, जिस पर एक बार फिर दोनों पक्षों में हाथापाई हो गयी। पुलिस बल के साथ पहुंचे वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय कुमार ने दोनों पक्षों को समझाकर जैसे-तैसे मामले को निपटाया। भाजपाइयों की ओर से डा. एमपी आर्या द्वारा सपा अनिल गंगवार, डा. विजय गंगवार, प्रधान वीरपाल गंगवार, गोपाल गुप्ता, पूर्व प्रधान रविन्द्र गंगवार, सर्वेश व रविन्द्र गंगवार इनायतपुर पर पुतला छीनने और उनके प्रतिष्ठान पर धक्का-मुक्की कर जान से मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है जबकि सपाइयों ने भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुतला फूंकने में भाजपाइयों की ओर से लेखराज गंगवार, नीरज शुक्ला, श्याम रस्तोगी, प्रिया शंकर, रामपाल गंगवार, तुलाराम गंगवार, नरेन्द्र गंगवार, भानु प्रताप, रघुवीर सिंह बीरे व हरीश गंगवार आदि प्रमुख थे तो विरोध में सपा के विधानसभा अध्यक्ष अनिल गंगवार, पूर्व प्रधान रविन्द्र गंगवार, एलडीबी अध्यक्ष ओमेन्द्र गंगवार, डा. विजय, वीरपाल प्रधान, गोपाल गुप्ता व सुधीर मिश्रा आदि शामिल थे।
मैंने तो बीबीसी लंदन के स्टेटमेंट का हवाला दिया था, जिसमें उसने सर्जिकल स्ट्राइक को संदिग्ध करार दिया है। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान भी गौर करने लायक हैं, जिसमें उन्होंने कहा है कि इस आपरेशन के लिए प्रधानमंत्री को सलाम लेकिन कम से कम सबूत तो दें। मैं भाजपाई मेरा मुंह थोड़े ही बन्द कर लेंगे अगर तकरार करेंगे तो हमें निपटना भी आता है -भगवत सरन गंगवार