बरेली। शादी के तीन महीने बाद ही एक विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। ससुराल वालों ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। विवाहिता ससुराल वालों के मायके भेजने से मना करने से आहत थी। हालांकि मायके वालों ने इसे लेकर पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है।
रामगंगा आश्रम में रहने वाली तारा की उसके पिता तेजराम ने तीन महीने पहले करेली के सनी से शादी की थी। सनी शराब की दुकान पर सेल्समैन है। ससुराल वालों ने बताया कि तारा अक्सर बहकी-बहकी बातें करती थी। कभी गुमसुम होकर बैठ जाती थी। ससुराल वालों ने कई बार उससे बात करके वजह जानने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ नहीं बताती थी। शनिवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
इधर, तारा के मायके वालों का कहना है कि उसने ससुराल वालों से कुछ दिन पहले मायके भेजने को कहा था, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इससे आहत होकर उसने आत्महत्या कर ली। उनका यह भी कहना है कि तारा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। उसने पहले भी एक-दो बार आत्महत्या करने की कोशिश की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिंक टीम के साथ जांच पड़ताल की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन के सुुपुर्द कर दिया।