बरेली। संजय नगर में एक युवती का शव घर में फंदे पर लटका मिला। उसकी मां ने दामाद और उसके परिवार के छह लोगों के खिलाफ दहेज के लिए उसकी हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि कुष्ठ रोग से पीड़ित होने के कारण युवती अवसाद में थी।
संजयनगर में रहने वाली 24 वर्षीय शिवानी का शव ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। पति शिवम ने इसकी सूचना उसके मायके वालों को दी तो थोड़ी देर में वे लोग पहुंच गए। शिवानी ने छह साल पहले शिवम से प्रेमविवाह किया था जो हलवाई का काम करता है। प्रेमविवाह के कारण दोनों परिवारों में संबंध हो गए थे। इस बीच शिवानी को कुष्ठ रोग हो गया और काफी इलाज के बाद भी वह सही नही हो सकी। इस वजह से वह तनाव में रहती थी।
शिवम के परिवारवालों के मुताबिक बृहस्पतिवार देर रात शिवानी रसोई के कुंडे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर लटक गई। ननद मुस्कान की नजर उस पर पड़ी तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों ने शिवानी को फंदे से उतारकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। शिवानी की आठ महीने की एक बेटी भी है।
शिवानी की मां ने दहेज हत्या का आरोप लगाकर पुलिस बुला ली जिसके बाद बारादरी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो फंदे पर लटकने की पुष्टि हुई। शिवानी की मां की तहरीर पर शिवम समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई है। इनमें परिवार की 13 साल की एक किशोरी भी शामिल है। शिवम को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।