बरेली। बरेली जोन के सभी नौ जिलों में रविवार को लॉकडाउन के दौरान पंचायत चुनाव की मतगणना बिना भीड़ और हंगामे के की जानी है। इसमें विजयी जुलूस निकालने, मिठाई बांटने और हुड़दंग की कोशिश करने पर कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। एडीजी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को अपने कार्यालय से गूगल मीट के जरिये एडीजी जोन अविनाश चंद्र ने बरेली व मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के अधिकारियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बताया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए ड्यूटी में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था की जा रही है। वह सामाजिक दूरी के नियम का पालन करते हुए अपनी ड्यूटी करें। मतगणना स्थल पर ही उनके भोजन और पेयजल आदि की व्यवस्था रहेगी।
एडीजी ने सभी पुलिस अधीक्षकों से कहा कि किसी भी स्थिति में विजय जुलूस न निकलें, यह सुनिश्चित करें। कहा कि मतगणना के बाद किसी तरह का झगड़ा, मारपीट न हो, इसके लिए क्षेत्र में पुलिस को पूरी तरह अलर्ट कर दें। किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गूगल मीट में आईजी बरेली रेंज रमित शर्मा, डीआईजी मुरादाबाद रेंज शलभ माथुर और सभी नौ जिलों के एसपी मौजूद थे।