बरेली। अवसाद के चलते राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के बड़े बाबू विवेक वर्मा (44) ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुसाइड नोट में उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। पोस्टमार्टम में भी हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है।
प्रेमनगर में बजरिया पूरनमल में रहने वाले विवेक वर्मा अवसाद के चलते शराब के आदी हो गए थे। घर में भी पत्नी और विवेक अलग कमरे में रहते थे। रविवार को उन्होंने कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में भाग भी लिया था। दिन में सब ठीक था। परिवार वालों के मुताबिक, रविवार रात विवेक खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन ने आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्रेमनगर पुलिस को सूचना दी गई। फिर पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा तो विवेक का शव छज्जे के कुंडे में बंधी साड़ी से लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई। विवेक पिछले एक साल से जीआईसी में तैनात थे। इंस्पेक्टर प्रेमनगर शितांशु शर्मा ने बताया कि विवेक किसी बात को लेकर अवसाद में रहते थे। घर में रहने के बावजूद वह परिवार वालों से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे।