देर रात तक तलाश करते रहे परिजन, कोतवाली में दी सूचना
बरेली। गणपति विसर्जन में रामगंगा गया 14 वर्षीय सचिन लापता हो गया। देर रात तक परिवार वाले उसे तलाशते रहे लेकिन कुछ सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिवार वालों ने कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी है।
चौपुला पर दीपमाला अस्पताल के पास रहने वाली गीता ने बताया कि उनका 14 वर्षीय बेटा सचिन कक्षा नौ का छात्र है। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह मोहल्ले के लड़कों के साथ गणपति विसर्जन को रामगंगा गया था। मोहल्ले के अन्य सभी लड़के लौट आए लेकिन सचिन नहीं लौटा। उन लोगों ने आसपास के लोगों से भी सचिन के बारे में जानकारी ली लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद दो बार रामगंगा भी गए और वहां के लोगों से सचिन के बारे में पूछताछ की लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। शाम को उन्होंने कोतवाली में जाकर सचिन की गुमशुदगी की तहरीर दी है।