फरीदपुर। लाइब्रेरी से पढ़कर साइकिल से घर जा रहे छात्र को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद चालक ट्रक लेकर मौके से रफ्फू चक्कर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
थाना क्षेत्र के खेमू नगला गांव निवासी फूल बाबू (19) बृहस्पतिवार दोपहर फरीदपुर कस्बे की लाइब्रेरी से पढ़कर साइकिल से अन्य दोस्तों के साथ घर जा रहा था। बुखारा रोड पर लोंगपुर गांव के समीप साइकिल सवार छात्रों को ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें दो छात्र घायल हो गए, जिसमें फूल बाबू गंभीर घायल हो गया।
ट्रक चालक फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी भिजवाया। अस्पताल जाते वक्त फूल बाबू की रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद