धर्मंगदपुर की अंजली की हादसे में मौत के बाद परिजन को समझाती पुलिस
- फोटो : POWAYAN
पुवायां। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से गांव धर्मंगदपुर खुर्द निवासी गुड्डू की दस वर्षीय पुत्री अंजली की मौत हो गई। घटनास्थल पर अंजली का चाचा अर्जुन पुलिस की गाड़ी का दरवाजा लगने से घायल हो गया। अर्जुन को जिला अस्पताल रेफर किया है।
अंजली गांव के बच्चों के साथ सोमवार दिन में 11 बजे मिट्टी लेने गांव के पास तालाब पर गई थी। घर लौटते समय पुवायां मोहम्मदी हाईवे पर मोहम्मदी की ओर से आ रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर लगने से अंजली की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर ट्रॉली और चालक को पकड़ लिया।
अंजली के बाबा रामस्वरूप अपने दूसरे पुत्र अर्जुन के साथ पुवायां आए थे। सूचना पाकर वह अर्जुन के साथ मौके पर पहुंचे। उधर, पुलिस भी पहुंच गई। रामस्वरूप का आरोप है कि पुलिस ने वाहन का दरवाजा अचानक खोला, जिससे अर्जुन घायल हो गया। अर्जुन को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया है।
अंजली के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अंजली का एक छह वर्षीय भाई आयुष है। अंजली की मौत से मां सीमा देवी, पिता गुड्डू, बाबा रामस्वरूप सहित परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अंजली पुवायां के रामदेवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा थी।
गांव धर्मंगदपुर खुर्द के घायल अर्जुन को अस्पताल ले जाते परिजन- फोटो : POWAYAN