पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। मैलानी से बहराइच के बीच छोटी रेल लाइन की ट्रेनों के संचालन पर रोक लगने की जानकारी के बाद गुस्साए थारू समुदाय और अन्य लोगों ने दुधवा रेलवे स्टेशन पहुंचकर नारेबाजी के साथ हंगामा किया। यहां पर ट्रेन को रोककर विरोध जताया। ट्रेनों को यथावत संचालन करने की मांग को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों को संबोधित एक ज्ञापन स्टेशन पर तैनात रेल अधिकारी को सौंपा। हंगामे और विरोध के दौरान लगभग 20 मिनट तक नानपारा से मैलानी जाने वाली ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी रही। जिससे यात्रियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
बीते दिनों रेलवे ने मैलानी तक बड़ी रेल लाइन शुरू होने के बाद मैलानी से नानपारा तक चलने वाली छोटी रेल लाइन के संचालन पर रोक लगाए जाने की बात कही थी। इसके बाद इस खबर पर क्षेत्र सहित थारू समुदाय के लोगों में रोष भर गया। अभी कुछ दिन पहले ही यहां पहुंचे एडीआरएम से मुलाकात कर पलिया रेलवे स्टेशन पर लोगों ने संचालन यथावत रखने की मांग की थी। इसी कड़ी में शनिवार को काफी संख्या में थारू समुदाय के ग्रामीणों के साथ ही अन्य लोगों ने दुधवा रेलवे स्टेशन पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। यहां नानपारा से मैलानी जाने वाली ट्रेन को रोक लिया और उस पर चढ़कर नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही रेलवे के आदेश की भी कड़ी आलोचना की। लगभग 20 मिनट विरोध प्रदर्शन करने के बाद लोगों ने स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर को संबोधित ज्ञापन में मैलानी-नानपारा रेल प्रखंड पर ट्रेनों के यथावत संचालन जारी रखने की मांग की गई है। इस दौरान काफी संख्या में लोगों का जमावड़ा लगा रहा।