बरेली ने एसओजी और सर्विलांस सेल में फेरबदल की कवायद शुरू हो गई है। एसएसपी ने 19 पुलिसकर्मियों का इंटरव्यू लिया है। जल्द ही एसओजी में नए चेहरे दिखाई देंगे।
बरेली में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) का दामन लगातार दागदार होता रहा है। नए एसएसपी अनुराग आर्य ने माहौल भांपने के बाद अब एसओजी व सर्विलांस में बदलाव का मन बनाया है। इसी क्रम में बृहस्पतिवार को 19 पुलिसकर्मियों का साक्षात्कार लिया गया।
विज्ञापन
हाल ही में दरोगा के बेटे अमन की हत्या के मामले में भी एसओजी की भूमिका पर अंगुलियां उठी थीं। बताया जा रहा था कि दुकानों पर कब्जे के खेल और कमीशनबाजी के चक्कर में एसओजी ने ही अमन को बुलाया था। उसके दुश्मन विपिन को शक हुआ कि अमन उसकी मुखबिरी कर रहा है, इसीलिए उसकी हत्या कर दी गई।
पहले जिले में दस सदस्यीय एसओजी को पूरी तरह भंग कर पूरी टीम पर मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसकी जांच तीन साल बाद भी जारी है। अब एसएसपी अनुराग आर्य व्यवस्था में बदलाव कर इसे पारदर्शी बनाने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने अपने कार्यालय में 19 पुलिसकर्मिर्यों का साक्षात्कार लिया।
इनमें नौ लोगों ने एसओजी और दस ने सर्विलांस सेल में काम की इच्छा जताई। माना जा रहा है कि इनमें से कई को तैनाती मिलेगी और एसओजी व सर्विलांस का स्टाफ थानों व लाइन में ड्यूटी करेगा।