जोन भर के कप्तानों से टीमों में तैनात पुलिसकर्मियों का तलब किया ब्योरा
तैनाती का विवरण, उनके खिलाफ शिकायतें और मुकदमों की जानकारी मांगी
बरेली। एसपी सिटी कार्यालय की सर्विलांस सेल का भ्रष्टाचार उजागर होने के बाद एडीजी राजकुमार ने जोन के सभी जिलों की एसओजी और सर्विलांस टीम की समीक्षा शुरू कराई है। उन्होंने कप्तानों से इन टीमों में तैनात पुलिसकर्मियों की तैनाती का समय, उनके खिलाफ शिकायतें और मुकदमों की जानकारी मांगी है।
बता दें कि वर्ष 2019 में भी बरेली एसओजी का भ्रष्टाचार सामने आया था। टीम का रिश्वत के रुपयों के बंटवारे को लेकर वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले में टीम प्रभारी गिरीश चंद्र जोशी समेत सभी 10 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोतवाली में भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज करके उन्हें सस्पेंड कर दिया था। इसके बाद लंबे समय तक एसओजी भंग रही। अब मौजूदा एसओजी टीम प्लाइवुड उद्यमी संजीव गर्ग हत्याकांड में बरामद सोना गायब होने को लेकर सवालों के घेरे में है। इसी बीच एसपी सिटी कार्यालय की सर्विलांस टीम का भ्रष्टाचार भी सामने आया है। इसे देखते हुए एडीजी राजकुमार ने जोन के सभी कप्तानों को पत्र लिखकर एसओजी और सर्विलांस टीम में तैनात पुलिसकर्मियों की तैनाती का समय, उन पर दर्ज मुकदमे और शिकायतों का ब्योरा तलब किया है। उन्होंने कहा है कि इन टीमों में दागी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्हें हर हाल में टीमों से बाहर किया जाएगा।
एसओजी की समीक्षा के लिए डीजीपी कार्यालय का पत्र प्राप्त हुआ था। उसके साथ ही सभी जिलों की सर्विलांस टीमों का ब्योरा भी तलब किया गया है। इन टीमों से दागी पुलिसकर्मी बाहर किए जाएंगे। - राजकुमार, एडीजी