बरेली जंक्शन पर रविवार को जीआरपी ने एक तस्कर को दबोच लिया। उसका साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के पास से 11 किलो डोडा और 1.60 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
जीआरपी ने रविवार को चेकिंग के दौरान बरेली जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच से एक व्यक्ति को 11 किलो डोडा और 1.60 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी मौके से भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
भमोरा थाना के गांव सिरोही निवासी अजीत सिंह जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच की बेंच पर एक अन्य व्यक्ति के साथ बैठा था। दोपहर के समय इंस्पेक्टर जीआरपी अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में जीआरपी की टीम जंक्शन पर संदिग्धों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। जीआरपी को देखकर अजीत और उसका साथी सकपका गए। उसका साथी भाग गया।
तलाशी लेने पर अजीत के पास 11 किलो डोडा और 1.60 लाख रुपये बरामद किए गए। उसने अपने साथी का नाम बदायूं के थाना बिनावर के गांव बरखेड़ा निवासी अजीत कुमार बताया है। इंस्पेक्टर जीआरपी ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।