बरेली। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सोमवार को भी ईसाइयों की पुलिस के पास भूमिगत केबल डालने का काम हुआ। इस दौरान सीयूजीएल (सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड) ने एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए गैस की आपूर्ति को बंद रखा।
ईसाइयों की पुलिस के पास रविवार को मशीन के जरिये भूमिगत बिजली केबल डाले जाने के दौरान पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। गैस का रिसाव होने के कारण कई घंटे तक 10 हजार से ज्यादा घरों, 45 होटलों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की आपूर्ति ठप रही। चार घंटे की मशक्कत के बाद सीयूजीएल ने इसे ठीक कराया था।
रविवार की घटना से सबक लेते हुए सोमवार को सीयूजीएल की तकनीकी टीम भी काम पर नजर बनाए रही। इधर, ईसाइयों की पुलिया के पास पीएनजी लाइन ठीक करने के लिए जेसीबी से खोदे गए गड्ढों को अब तक बंद नहीं किया गया है।