फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे के कारोबार में महिलाओं की एंट्री, बरेली से नेपाल तक कर रहीं स्मैक की तस्करी

Thu, 01 Oct 2020 11:13 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

हाल ही में में एंबुलेंस में गर्भवती होने का ढोंग करते पकड़ी गई थी नेपाली तस्कर

गंगापुर की चर्चित स्मैक तस्कर की मौत के बाद बेटी ने संभाला कारोबार

विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली। मोटी कमाई के चक्कर में बड़ी संख्या में महिलाएं भी अब नशे के कारोबार में उतर पड़ी हैं। इन महिलाओं के जरिये नेपाल, झारखंड से लेकर पंजाब, यूपी और उत्तराखंड तक मादक पदार्थों का बाजार चल रहा है। वहीं, बरेली की स्मैक और चरस तस्कर भी अब उत्तराखंड और दिल्ली तक हाथ आजमा रही हैं।

मादक पदार्थों की बड़ी मंडी के रूप में दूर-दूर तक बदनाम हो चुके बरेली में पुलिस ने कई बड़ी कार्रवाई कीं तो नशे के सौदागरों ने महिलाओं को इस धंधे में आगे बढ़ा दिया। नेपाल और झारखंड से आने वाली ये महिलाएं कभी बीमार तो कभी गर्भवती होने का नाटक करके बड़ी तादात में पश्चिमी यूपी के अलावा पंजाब, हरियाणा और दिल्ली तक इस कारोबार को फैला रही हैं। वहीं, बरेली जिले की महिला तस्कर उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रही हैं। इसके अलावा बारादरी के गंगापुर, फरीदपुर, मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी की महिलाएं स्थानीय स्तर पर भी नशे के कारोबार में लगी हुई हैं।

उत्तराखंड में पकड़ी गईं बरेली की महिलाएं

मीरगंज की रहने वाली रीना को पिछले साल उत्तराखंड के रुद्रपुर की पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इसके अलावा नवंबर 2019 में फतेहगंज पश्चिमी में रहने वाली रूबी उर्फ सबीना को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बारादरी में गंगापुर की रहने वाली मैकिया चाची भी कई बार उत्तराखंड में पकड़ी जा चुकी है हालांकि अब उसकी मौत हो चुकी है।

बेटी संभाल रही मां का कारोबार

बारादरी के गंगापुर में चरस, स्मैक और अफीम के अवैध कारोबार के लिए बदनाम महिला की पिछले दिनों पुलिस दबिश के दौरान मौत हो गई थी। उसकी मौत के बाद कुछ समय तक तो उसकी समधन और बहू ने कारोबार संभाला लेकिन अब गंगापुर में रहने वाली उसकी बेटी पूरा कारोबार संभाल रही है। बताया जाता है कि हर समय नशे में रहने वाली इस महिला के बारे में पुलिस को भी जानकारी है लेकिन फिर भी उस पर हाथ नहीं डाला जा रहा है।

दूसरे राज्यों से भी हो रही है सप्लाई

  • अगस्त 2018 : अफीम लेकर पंजाब जा रही बरेली में रामगंगानगर कालोनी निवासी मोहिनी और उसकी बेटी को चार किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया था।
  • नवंबर 2019 : सिरौली में वहां की रहने वाली ममता समेत तीन लोगाें को करीब सवा किलो अफीम के साथ पकड़ा गया था। वे इसे पंजाब लेकर जाने की तैयारी में थे।
  • दिसंबर 2019 : नेपाल की गंगा उर्फ धनसरा, मीना गिरि और ललिता को कोतवाली पुलिस ने पांच किलो चरस के साथ पकड़ा था। वे बरेली और आसपास के जिलो में चरस सप्लाई करती थीं।
  • मार्च 2020 : एसटीएफ ने नेपाल की रूपा और विसना को 16 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों एंबुलेंस में गर्भवती और बीमार बनकर पेट में चरस बांधकर लाई थीं।
  • मार्च 2020 : संभल की गुलशन और मुरादाबाद की शकीला को सिरौली पुलिस ने करीब दो किलो अफीम के साथ पकड़ा था। वे मुरादाबाद से अफीम लेकर आई थीं।
  • जून 2020 : उत्तराखंड में देहरादून के डोईवाला में रहने वाली सोनी को सुभाषनगर पुलिस ने 33 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। वह उत्तराखंड में पुड़िया बनाकर इसकी बिक्री करती थी।

स्मैक की सप्लाई करने जा रही महिला गिरफ्तार

बरेली। सुभाषनगर पुलिस ने मंगलवार को 315 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया। उसका पति मौके से भागने में कामयाब रहा। गिरफ्तारी के दौरान महिला डिलीवरी देने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रही थी।
विज्ञापन

इंस्पेक्टर सुभाषनगर हरिश्चंद्र जोशी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सब इंस्पेक्टर बाबू खां और मोनिका चौधरी ने करगैना के पास से शकुंतला विहार, करगैना में रहने वाली कमलेश कुमारी को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 315 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मूलरूप से बिशारतगंज की रहने वाली है और वहीं से स्मैक लेकर आती है। मंगलवार को वह ग्राहक को स्मैक सप्लाई करने निकली थी, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 5250 रुपये भी बरामद हुए हैं। महिला का कहना है कि ये रुपये उसने स्मैक बेचकर ही जुटाए थे। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर महिला को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पति को भी तलाश रही पुलिस

बताया जा रहा है कि महिला का पति भी इस कारोबार में लिप्त है। अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही दोनों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि पहले महिला बिशारतगंज में ही रहती थी और कुछ समय पहले ही उसने शकुंतला विहार, करगैना में मकान बनाया था। स्मैक की डिलीवरी के लिए उसका पति भी साथ में निकला था लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें