Siyaram symbol of ocean halted ticket in danger
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
सपा की दोनों सूचियों में टिकट पाने वाले सबसे उम्रदराज विधायक डा. सियाराम सागर का लखनऊ से सिंबल रोक दिया गया है। जनता के बीच में विधायक के विरोध की रिपोर्ट हाईकमान तक पहुंची है। हालांकि विधायक कह रहे हैं कि उन पर पांच साल का पार्टी का बकाया था। इसलिए सिंबल रुका है। हकीकत ये है कि फरीदपुर से हरिओम चौधरी और भाजपा की बागी पूनम सेन सपा से टिकट की लाइन में हैं। सपा से टिकट मिलने के बावजूद फरीदपुर में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।
पांच बार के विधायक और सपा प्रत्याशी डा. सियाराम सागर टिकट मिलने के बाद भी नामांकन के दौर में नई मुसीबत में फंस गए हैं। सूची में नाम आने के बाद वह लखनऊ स्थित पार्टी दफ्तर में सिंबल लेने गए तो वहां से सिंबल देने से इनकार कर दिया गया। बताया जाता है कि जनता के बीच में विधायक का काफी विरोध है। इसकी रिपोर्ट सपा हाईकमान तक पहुंची है। सपा के एक बड़े नेता ने टिकट के दूसरे दावेदार हरिओम चौधरी को टिकट देने की सिफारिश कर दी है। भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज पूनम सेन भी सपा का टिकट हासिल करने में लगी हैं। सिंबल रुकने की बात विधायक ने भी स्वीकार की है लेकिन उन्होंने इसकी वजह पांच साल से पार्टी फंड का 1.5 लाख रुपये बकाया होना बताया। विधायक सियाराम सागर ने बताया कि ड्यूज बकाया होने से सिंबल रुका है। लड़के से घर से रुपये मंगाए हैं। संडे को ड्यूज चुकाने के बाद सिंबल रुक जाएगा।