श्यामगंज में नियम विरुद्ध खुलीं दुकानें।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। श्यामगंज बाजार में गिने चुने व्यापारियों की मनमानी के चलते हर दिन अव्यवस्था फैल रही है। रविवार सुबह नौ बजे से पश्चिमी और उत्तर दिशा में खुलने वाली दुकानें खुलना शुरू हो गईं थी। इस बीच कुछ दुकानों ने पूरब और दक्षिण दिशा में भी प्रतिष्ठान खोल दिए। जानकारी मिलने पर दोपहर में एसीएम ने दुकानदारों को हड़काया और एक दुकानदार को हिरासत में भी ले लिया। हालांकि बाद में दुकानदार को छोड़ दिया गया।
हर दिन श्यामगंज मुख्य बाजार, मिर्च वाली गली और रैली गोदाम बाजार में कुछ दुकान विपरीत दिशा में दुकानें खोल रहे हैं। इस पर दुकानदारों में आपस में ही तू-तू-मै होती रहती है। दिशा रोस्टर का पालन नहीं करने वाले दुकानों की मनमानी से दूसरे व्यापारी परेशान होते हैं। रविवार सुबह से ऐसी मनमानी बाजार में शुरू हो गई। आधा शटर खोलकर काम करने वालों की तादाद बढ़ती जा रही है। एसीएम रोहित यादव तक शिकायत पहुंचने पर गलत दिशा में दुकानें खोले बैठे लोगों की फटकार लगाई गई। एक दुकानदार फटकार के बावजूद दुकान खोले बैठे रहा तो उसे पुलिस ने पकड़ लिया। जानकारी मिलने पर व्यापारी नेता रचित अग्रवाल और केके चंदानी ने एसीएम से आग्रह किया तो कुछ घंटों बाद दुकानदार को छोड़ दिया गया।