भ्रष्टाचार और बेरोजगारी है अहम मुद्दा
नामांकन के बाद पत्रकार वार्ता में आदित्य यादव ने कहा कि सपा के शासनकाल में बनाया गया राजकीय मेडिकल कॉलेज जर्जर स्थिति में है। आने वाले समय में ठीक कराया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा लगातार विभाजन की बात करती है और बंटवारे की बात करती है, उससे हमें लड़ना है। भाजपा लोगों के बीच में भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उनको ठगने का काम कर रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर लोगों के बीच में जाएंगे। बेरोजगारी, किसानों की समस्या, बढ़ता हुआ भ्रष्टाचार इस चुनाव में अहम मुद्दे रहेंगे। आलू व गन्ना किसानों के भुगतान की समस्या आ रही है। इसे भी मुद्दा बनाएंगे।
मेरा टिकट नहीं कटा सिर्फ निर्वाचन क्षेत्र ही बदला: धर्मेंद्र यादव
बदायूं के पूर्व सांसद व आजमगढ़ के सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मेरा टिकट कटा नहीं, सिर्फ संसदीय क्षेत्र बदला गया। उन्होंने कहा कि बल्कि बदायूं की जनता के बीच से मुझे आजमगढ़ की जनता के बीच भेजा गया है। आजमगढ़ में भी समाजवादियों का वही इतिहास रहा है, जो बदायूं में रहा है। मुझे खुशी इस बात की है कि नेताजी का दिल जिन जगहों पर रहा, उन जगहों से मुझे भी चुनाव लड़ने का मौका मिला।
भाजपा के घोषणा पत्र पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी कितनी ही अच्छी बातें कर लें लेकिन जनता अब उनकी बात मानने को तैयार नहीं है। वह कहते थे कि देश नहीं बिकने दूंगा पर देश की अब तक की जितनी भी कमाई थी। सारी अपने दोस्तों को किसी न किसी रूप में सौंप दी। भाजपा के घोषणा पत्र पर अब किसी को यकीन नहीं है, क्योंकि इनका घोषणा पत्र झूठ के ढकोसले व जुमलों के अलावा कुछ नहीं है।