माहे रमजान की उनतीस तारीख को देर रात ईद के चांद की खबर आई। इसका एलान भोर में सहरी के वक्त किया गया। इसके बाद शिया मुसलमानों ने ईद-उल-फितर का त्यौहार पूरे अकीदत और एहतेराम के साथ मनाया। पूर्व घोषित समय के अनुसार सभी मस्जिदों में सुबह नमाज अदा की गई।
शिया मुसलमानों के सर्वोच्च धर्म गुरु आगा सैय्यद अली सीस्तानी की ओर से ईरान से बुधवार को ईद मनाने का हुक्म जारी हुआ। इस पर लखनऊ की शिया मरकजी हिलाल कमेटी के मौलाना सैफ अब्बास ने देर रात ईद होने का एलान किया। इसी के आधार पर यहां शिया आसिफी जामा मस्जिद के इमामे जुमा मौलाना समशुल हसन खां ने ईद मनाने का फैसला किया।
हालांकि मंगलवार को मौलाना समशुल हसन खां ने चांद न होने पर बृहस्पतिवार को ईद का एलान कर दिया था। वहीं भारत में कहीं से कोई सूचना नहीं थी। यूनाईटेड शिया मूवमेंट के प्रवक्ता समर अब्बास जैदी ने बताया कि यह खबर यहां देर रात पहुंची थी। जिसका एलान भोर में कराया गया। इसके बाद सभी मस्जिदों में अपने घोषित समय के अनुसार ईद की नमाज अदा करने का सिलसिला शुरू हो गया।
ईद का एलान होते ही भोर से तैयारी शुरू कर दी गई। सुबह में लोग आनन फानन में तैयार हो कर मस्जिदों के लिए निकल पड़े। फिर सिलसिलेवार शिया आसफी जामा मस्जिद में मौलाना समशुल हसन खां ने, छीपी टोला की मस्जिद कम्बोहान में मौलाना परवेज हैदर जैदी ने, पुराना शहर की बैतुस्सलात में मौलाना शुएब जफर ने और किला छावनी की मस्जिदे अबु तालिब में मौलाना समशुल हसन खां ने ईद की नमाज अदा कराई। इसके अलावा लीची बाग की अली मस्जिद में भी ईद की नमाज अदा की गई। इसके बाद सभी लोगों ने एक दूसरेे को गले मिल कर ईद की मुबारकबाद पेश की। यह सिलसिला दिन भर जारी रहा। इस बीच लोगों का एक दूसरे के यहां आने जाने और सिवईयों व दावतों का दौर चलता रहा।
ईदगाह का होगा विस्तार, ताजुश्शरिया रखेंगे संगे बुनियाद
बरेली। ईदगाह पूरी तरह तैयार हो चुकी है। यहां बृहस्पतिवार को ईद-उल-फितर की नमाज अदा की जाएगी। इस बार ईदगाह के विस्तार का भी फैसला लिया गया है। ईदगाह इंतजामिया कमेटी के पदाधिकारियों ने दोपहर में यहां की तैयारियों का जायजा लिया। इसी समय बैठक हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि हर साल नमाजियों की बढ़ती तादात को देखते हुए ईदगाह का विस्तार किया जाए। इसी के तहत बृहस्पतिवार को ईद की नमाज के बाद ताजुश्शरिया अल्लामा मुफ्ती अख्तर रजा खां (अजहरी मियां) के हाथों संगे बुनियाद (शिलान्यास) रखी जाएगी। यह फैसला मौलाना शहाबउद्दीन रजवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। इसमें कमेटी के खलील अहमद हसनैन रजा, जावेद अली, चांद मियां, इश्तेयाक अहमद, नाजिम बेग आदि मौजूद रहे। संचालन महताब अली ने किया।
सुब्हानी मियां ने मॉरीशस में मनाई ईद
बरेली। आला हजरत दरगाह के प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) ने मॉरीशस में ईद मनाई। उन्होंने राजधानी पोर्ट लुईस की ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। यहां पर दरगाह आला हजरत स्थित मदरसा मंजरे इस्लाम के शिक्षक एवं टीटीएस के महासचिव मुफ्ती सलीम नूरी ने ईद की नमाज अदा कराई। वह सुब्हानी मियां के साथ पहले रमजान से वहीं पर हैं।
इस मौके पर नमाज से पहले मुफ्ती सलीम ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी तकरीर में कहा कि आतंकवाद अब मुकद्दस जगहों पर पहुंच गया है। इस लिए तमाम इस्लामी मुल्क को चाहिए कि वह एक होकर आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंकें। नमाज के बाद सुब्हानी मियां ने विश्व शांति के लिए दुआ की। इसकी जानकारी टीटीएस के तारिक सईद ने प्रेस को दी है।
सुबह छह से शाम चार बजे रूट डायवर्जन
1 - मिनी बाईपास से कोई भी रोडवेज की बस एवं सवारी वाहन चौपुला की ओर नहीं आ सकेंगे ।
2. चौपला चौराहा से सिटी सब्जी मंडी, दूल्हे मियां की मजार, मिनी बाईपास की तरफ कोई भी सवारी वाहन नहीं जा सकेंगे ।
3- दिल्ली- रामपुर की ओर से आने वाली वाली समस्त रोडवेज की बसें परसाखेड़ा होकर पीलीभीत बाईपास, सेटेलाइट चौकी चौराहा होकर पुराना बस अड्डा जा सकेंगी। उसी रास्ते से वापस दिल्ली जाएगी।
4- बदायूं रोड से आने वाले भारी वाहन राम गंगा तिराहा लाल फ ाटक, कैंट चौकी चौराहा से मालियों की पुलिया से सेटेलाइट से अपने गंतव्य को जाएंगे। कोई भी भारी वाहन रामगंगा तिराहा से चौपला ओवर ब्रिज रोड की तरफ नहीं आएगा।
5- लखनऊ से दिल्ली-मेरठ की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होते हुए जाएगा।
6- दिल्ली-मेरठ से लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन परसा खेड़ा बड़ा बाईपास से फ रीदपुर होते हुए जाएंगे।
7- पीलीभीत व नैनीताल से लखनऊ की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ बाईपास फ रीदपुर होते हुए जाएंगे।
8- पीलीभीत-बीसलपुर की तरफ से आने वाले भारी वाहन जो जनपद बदायूं की तरफ जायेंगे वह सेटेलाइट से चौकी चौराहा, लाल फ ाटक, रामगंगा होते हुए जाएंगे और उसी मार्ग वापसी होंगे।
9- पीलीभीत व नैनीताल से आने वाले भारी वाहन दिल्ली के लिए बड़ा बाईपास होते हुए जाएंगे।
10- बरेली से बदायूं की तरफ जाने वाले भारी वाहन चौकी चोराहा, लाल फ ाटक रामगंगा होते हुए जाएंगे।
11- दिल्ली की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें परसाखेड़ा तिराहा से बड़ा बाईपास से विलय धाम होते हुए बैरियर 2 से सेटेलाइट तिराहा से चौकी चौराहा होते हुए पुराना बस स्टैंड को जाएंगी। यही रूट बरेली से दिल्ली जाने वाली बसों का होगा।