होलाष्टक सात से, 15 अप्रैल तक के लिए बंद हो जाएंगी शहनाइयां
बरेली। 14 जनवरी को मकर संक्रांति से शुरू हुए मांगलिक कार्यों पर सात मार्च से फिर से विराम लग जाएगा। यह सिलसिला 15 अप्रैल तक जारी रहेगा। फिर अप्रैल से जून के बीच शहनाइयां बजेंगी। विवाह आदि मांगलिक कार्य के लिए अब मात्र सात ही दिन शेष बचे हैं।
पंडित मुकेश मिश्रा ने बताया कि सात मार्च से होलाष्टक प्रारंभ हो जाएंगे। जो फाल्गुन शुक्ल पक्ष पूर्णिमा तक रहेंगे। होलाष्टक के दौरान किसी भी मांगलिक कार्य को नहीं किया जाएगा। इस दौरान 14 मार्च को सूर्य देव भी मीन राशि में प्रवेश करेंगे और एक माह तक इसी राशि में विचरण करेंगे। खरमास के दौरान भी मांगलिक कार्य बंद रहेंगे।
अगली तिथियों के लिए होने लगी बरातघरों की बुकिंग
आगामी माह में पड़ने वाली सहालग के लिए अभी से बुकिंग शुरू हो गई हैं। बैंक्विट हॉल संगठन के अध्यक्ष गोपेश अग्रवाल बताते है कि अप्रैल, मई, जून की तारीखों में शहर के लोग आना शुरू हो गए हैं।
विवाह मुहूर्त
मार्च - 1, 2 और 6 मार्च
अप्रैल - 14, 16, 18, 19, 20, 21, 25, 29 और 30 अप्रैल।
मई- 1, 5, 6, 8, 10, 14, 15, 16, 17, 18, 22, 23, 24, 27, और 28 मई।
जून- 2, 4, 5, 7, और 8 जून।
संवाद