बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 15 साल के किशोर ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। कोर्ट ने आरोपी को किशोर सदन भेजा है।
बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही सात साल की बच्ची को पड़ोस में रहने वाला 15 साल का किशोर फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी लिखकर आरोपी किशोर को पकड़ लिया। कोर्ट ने उसे किशोर सदन भेजा है।
विज्ञापन
पीड़ित बच्ची के पिता ने थाना प्रभारी सीपी शुक्ला को बताया कि उनकी सात साल की बच्ची शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला किशोर उसे फुसलाकर सुनसान पड़े होलिका दहन स्थल पर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने चीख-पुकार मचाई तो आरोपी भाग गया।
पीड़िता के पिता ने बताया कि बच्ची रोते हुए घर आई और आपबीती बताई। बिथरी चैनपुर थाने के इंस्पेक्टर सीपी शुक्ला ने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी किशोर के खिलाफ प्राथमिकी लिखकर उसे हिरासत में ले लिया। उसे कोर्ट से किशोर सदन भेजा गया है।