बरेली। किला इलाके में शीशे का पाउडर डालकर खूनी मांझा तैयार कर रहे सात कारीगरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने चालान कर दिया।
सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को किला थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जागृतिनगर के पास छापा मारकर शीशे के लेप से मांझा तैयार कर रहे मोहम्मद उस्मान और यासीन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से छह रील मांझा, शीशा मिश्रित घोल बरामद हुआ।
पुलिस ने प्याले शाह बाबा की मजार के पीछे पॉपुलर की बगिया में छापा मारकर मांझा बना रहे वसीम, रशीद, सलीम, जाहिद और दिलशाद को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पांच चरखी मांझा, पिसा हुआ चूर्ण, चावल, मैदा, रंग, इसबगोल आदि सामान बरामद हुआ। सभी के खिलाफ किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।