पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल बरेली सिटी समेत नौ स्टेशनों पर कम्प्यूटरीकृत पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम सिस्टम शुरू कर रहा है। इससे लगेज बुक करने के बाद ट्रेन में उसे चढ़ाने से लेकर डिलीवरी तक पूरी जानकारी मोबाइल फोन पर मेसेज के जरिये दी जाएगी।
ट्रेन से सामान (पार्सल) भेजने वालों की लेटलतीफी आदि की शिकायतें अब दूर हो जाएंगी। उनको लोडिंग और अनलोडिंग से लेकर डिलीवरी तक की सूचना मिलेगी। इसके लिए पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल बरेली सिटी समेत नौ स्टेशनों पर कम्प्यूटरीकृत पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम सिस्टम शुरू कर रहा है।
विज्ञापन
पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम के जरिये लगेज बुक करने के बाद ट्रेन में उसे चढ़ाने से लेकर डिलीवरी तक पूरी जानकारी मोबाइल फोन पर मेसेज के जरिये दी जाएगी। लगेज ले जाने वाली ट्रेन की जानकारी, लोकेशन भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी। इसमें कंप्यूटर की मदद से 10 अंकों का एक प्रोग्रेसिव रिफरेंस रिकॉर्ड (पीआरआर) संख्या जनरेट की जाएगी। इसमें लगेज का वजन, बुकिंग स्टेशन, गंतव्य स्टेशन, बुकिंग की तारीख, समय और ट्रेन नंबर आदि दर्ज होगा। लगेज बुक करने वाले को मोबाइल फोन पर मेसेज के जरिये ये जानकारी मिलेगी। ट्रेन देरी से चलती है तो उसकी सूचना भी दी जाएगी।
पीआरआर की मदद से लगेज को आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा। पार्सल बुकिंग के बाद एक बार कोड जनरेट होगा। यह बार कोड लगेज बुक कराने वाले को उपलब्ध कराने के साथ लगेज पर भी चस्पा किया जाएगा। सीपीआरओ पंकज सिंह ने बताया कि इज्जतनगर मंडल के बरेली सिटी, लालकुआं, कासगंज, फर्रुखाबाद स्टेशनों पर सेवा शुरू हो गई है। इस महीने के अंत तक काठगोदाम, रूद्रपुर सिटी, काशीपुर, कन्नौज और रामनगर स्टेशनों पर भी यह सेवा शुरू हो जाएगी।