समय सीमा खत्म होने के बाद वेबसाइट पर बंद नहीं हो रहा पंजीकरण का विकल्प
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय जल्द ही अपनी वेबसाइट में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। दरअसल, वेबसाइट में यह तकनीकी समस्या आ रही है कि स्नातक और परास्नातक के साथ ही कैंपस में संचालित होने वाले विभिन्न कोर्स में प्रवेश के लिए पंजीकरण की समय सीमा खत्म होने के बाद भी विकल्प बंद नहीं हो रहा है। इससे विद्यार्थी पंजीकरण बंद होने के बाद भी प्रवेश लेने में सफल हो जाते हैं। बरेली कॉलेज में इस साल ऐसे कई छात्रों के प्रवेश भी हो गए। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तकनीकी खामी को दूर करने के लिए वेबसाइट में बदलाव किया जाएगा।
इस सत्र में बीएससी नर्सिंग के लिए पंजीकरण को वेबसाइट खुलने पर तमाम छात्रों ने स्नातक में प्रवेश के लिए पंजीकरण करा लिए थे। इस आधार पर बरेली कॉलेज में उनका प्रवेश भी हो गया था। वेबसाइट में दरअसल यह तकनीकी दक्षता नहीं है कि जिस कक्षा के लिए प्रवेश पंजीकरण की समय सीमा निकल गई हो, उस में पंजीकरण स्वत: बंद हो जाएं। दूसरे कोर्स के लिए खुली वेबसाइट पर वे छात्र भी पंजीकरण करा लेते हैं, जिनकी निर्धारित अवधि समाप्त हो चुकी है। विश्वविद्यालय प्रशासन को वेबसाइट से जुड़ी यह दिक्कत काफी समय से अखर रही है। लिहाजा अब इसमें सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने पहले ही वेबसाइट में सुधार की बात कह चुकी हैं। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय वेबसाइट में लगातार सुधार कर रहा है। जल्द ही इसमें काफी बदलाव दिखाई देगा।
तकनीकी दिक्कत से शिक्षक भर्ती के आवेदन में हो रहीं त्रुटियां
शिक्षक भर्ती के लिए पीजीटी-2020 में आवेदन करने में तकनीकी दिक्कत से काफी त्रुटियां हो रही हैं। तमाम अभ्यर्थियों का कहना है कि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को ओबीसी वर्ग में विकल्प दिख रहा है, जबकि उन्होंने सामान्य वर्ग के विकल्प पर ही टिक किया था। इसी तरह वेटेज अंक के लिए भी वेबसाइट पर हां या न का विकल्प नहीं दिखाई दे रहा है।