एसडीओ ने अवर अभियंता के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर
जेई पर काम पूरा होने से पहले ही बिजली सप्लाई चालू कराने की कोशिश करने का आरोप
बरेली। 33 केवी लाइन पर फॉल्ट मरम्मत के दौरान एसडीओ और अवर अभियंता आपस में भिड़ गए। दोनों में धक्कामुक्की भी हुई। आरोप है कि काम पूरा होने से पहले ही अवर अभियंता ने सप्लाई चालू कराने का प्रयास किया, इसके बाद ही झगड़ा शुरू हुआ। मामले में एसडीओ ने अवर अभियंता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चौकी चौराहा पुलिस को तहरीर दी है। इधर, बिजली निगम ने मामले की विभागीय जांच शुरू करा दी है।
रजऊ परसपुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्टरी में फॉल्ट होने पर शटडाउन लेने के बाद टीम फैक्टरी में काम कर रही थी। विभाग से जुड़े लोगों की मानें तो काम पूरा होने से पहले ही अवर अभियंता ओमप्रकाश ने सप्लाई शुरू कराने के लिए सबस्टेशन पर फोन कर दिया। काम पूरा हुए बगैर सप्लाई शुरू करने की बात सुनकर टीम घबरा कर तुरंत बाहर निकल आई। एसडीओ विशाल गौतम ने इस पर नाराजगी जताई तो दोनों में कहासुनी और धक्कामुक्की होने लगी। बाद में वह अवर अभियंता को फैक्टरी में अकेला छोड़कर चले आए।
अवर अभियंता ने इसकी जानकारी फोन पर अधिकारियों को दी तो एक्सईएन यूसी सोनकर अपनी गाड़ी से उन्हें लेने फैक्टरी पहुंचे। मामले की सूचना मिलने पर जेई संगठन ने एसडीओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन ने एसडीओ पर जेई से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इधर, एसडीओ का कहना है कि काम पूरा होने से पहले ही बिना टीम को जानकारी दिए सप्लाई शुरू कराके अवर अभियंता ने सभी की जान लेने की कोशिश की थी। अगर टीम के लोग सक्रियता दिखाकर समय पर वहां से नहीं हटते तो सबकी जान चली जाती। दूसरी ओर अवर अभियंता ओमप्रकाश का कहना है कि दिव्यांग होने के बाद भी एसडीओ ने उनके साथ धक्कामुक्की और अभद्रता की।
वर्जन:
मामले की जानकारी मिली है। जांच के आदेश दिए जा चुके हैं। दोनो पक्षों को बुलाकर उनकी बात सुनी जाएगी। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। - अशोक चौरसिया, अधीक्षण अभियंता