बरेली। प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के लिए दो राजकीय महाविद्यालय का निर्माण इसलिए शुरू करवाया कि वर्ष 2021 में विद्यार्थी अपने घर के नजदीक ही उच्च शिक्षा हासिल कर सकें लेकिन इस सपने पर आवास विकास ने पानी फेर दिया। छह साल बाद भी इनका निर्माण पूरा नहीं कर पाया। यही नहीं भुता ब्लॉक में सरकार ने दो साल पहले राजकीय पॉलीटेकिभनक के निर्माण को मंजूरी दी थी लेकिन यहां भी आवास विकास सफल नहीं हो पाया। काफी काम इसका बचा है जबकि अगले माह जुलाई में यह कार्य पूरा करना है। इन तीनों शिक्षण संस्थानों पर सरकार ने लगभग 40 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
इस तरह शुरू हुआ प्रोजेक्ट
वर्ष 2016 में सपा शासनकाल में बहेड़ी के रिछा में राजकीय महाविद्यालय मंजूर हुआ। इसके लिए 10.55 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। निर्माण का जिम्मा आवास विकास परिषद को दिया गया। निर्माण 31 मार्च 2021 तक पूरा करना था लेकिन आज तक पूरा नहीं हो पाया है। तय मियाद से एक साल अधिक हो चुका है, लेकिन अभी काम पूरा होने में छह माह और लगने की संभावना है। बिजली का काम भी बाकी है। यह राजकीय महाविद्यालय इस आधार पर मंजूर हुआ था कि यहां की छात्राएं उच्च शिक्षा पाने के लिए दूर के कॉलेजों में जाती हैं। छात्रों को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
जुलाई 2021 में शुरू होनी थी पढ़ाई
इसी तरह वर्ष 2016 में राजकीय महाविद्यालय भदपुरा को मंजूरी मिली। इसके निर्माण का जिम्मा भी आवास विकास के पास था। 10.58 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महाविद्यालय का काम शुरू तो तेजी से हुआ लेकिन बाद में धीमा होता गया। 31 मार्च 2021 को यह भी हैंडओवर होना था और यहां जुलाई 2021 में कक्षाएं शुरू होनी थी लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो पाया। इलाके के विद्यार्थी दूसरे कॉलेजों में दाखिले ले रहे हैं। उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
जुलाई तक कैसे हो पाएगा पॉलीटेकिभनक का निर्माण
17.98 करोड़ की लागत से राजकीय पॉलीटेकिभनकल भुता का प्रस्ताव फरवरी 2020 में मंजूर हुआ। इसका कार्य आवास विकास ने शुरू कर दिया लेकिन अब तक 70 फीसदी ही पूरा हो पाया है, जबकि 15 जुलाई 2022 में यह हैंडओवर होना था। जुलाई में ही शुरू होने वाले शैक्षिक सत्र में विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू होने वाली थी लेकिन यह संभव नहीं है। हालांकि कई विद्यार्थियों के दाखिले सीबीगंज स्थित पॉलीटेकिभनक में हुए हैं। बताते हैं कि आवास विकास की ओर से इस पर ध्यान नहीं दिया गया और काम पिछड़ता गया।
निर्माण कार्य तय समय पर पूरे होने चाहिए लेकिन क्यों नहीं हुए, इसके बारे में संबंधित विभाग से पता किया जाएगा। - जग प्रवेश, सीडीओ
राजकीय महाविद्यालयों के निर्माण के लिए पैसे देर से मिले। टुकड़ों में पैसे मिलने से देरी हुई। बहेड़ी क्षेत्र के अलावा भदपुरा महाविद्यालय का निर्माण लगभग पूरा हो गया है। कुछ कार्य बाकी है जो पैसे मिलते ही पूरा हो जाएगा। भुता में राजकीय पॉलीटेकिभनक का निर्माण भी काफी हो चुका है। - नवीन कुमार वर्मा, एक्सईएन, आवास विकास