पीड़ित के साथ आया विपक्ष
नवाबगंज तहसील परिसर में चौकीदार वीरेंद्र कुमार को पीटने का मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को चौकीदार एसोसिएशन के साथ बरेली संसदीय सीट से सपा प्रत्याशी प्रवीन सिंह ऐरन, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार ने डीएम और एसएसपी से मुलाकात की।
वीरेंद्र की ओर से दिए पत्र में जिक्र है कि उसे दोनों होमगार्डों ने बुरी तरह पीटकर जूतों से मुंह कुचल दिया था। उसी रात को उसे थाने बुलाया गया। वहां एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, कोतवाल आदि अधिकारियों ने उसे धमकाया कि मामला मीडिया में नहीं जाना चाहिए और सादा कागज पर अंगूठा लगवा लिया। कहा कि इन अधिकारियों के नाम एफआईआर में बढ़ाए जाएं। साथ ही होमगार्डों पर धाराएं बढ़ाकर उन्हें जेल भेजा जाए व बर्खास्त किया जाए।
पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने ज्ञापन देकर घटना को निदंनीय व असामाजिक बताया। कहा कि इससे पीड़ित को निजी व सामाजिक पीड़ा पहुंची है। ज्ञापन देने वालों में सुनीता गंगवार, शेर सिंह गंगवार, रवि पांडेय, उल्फत सिंह कठेरिया, रणवीर सागर, दीपक वाल्मीकि, डालचंद्र दिवाकर आदि लोग शामिल रहे।
भीम आर्मी, भारत एकता मिशन और आजाद समाज पाटी की ओर से भी अधिकारियों को ज्ञापन देकर धाराएं बढ़ाने, आरोपियों की गिरफ्तारी व बर्खास्तगी किए जाने की मांग की गई। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।