बरेली में सपा विधायक शहजिल इस्लाम का पेट्रोल पंप ध्वस्त करने के बाद अब सरकारी तंत्र की पार्टी पर भी निगाह टेढ़ी हो गई है। एक लाख रुपये से ज्यादा का बकाया बिजली बिल अदा न करने पर मंगलवार को सपा के जिला कार्यालय की बिजली काट दी गई। एसडीओ ने कहा है कि बिजली काटने से पहले कार्यालय सचिव को फोन करके कार्रवाई की सूचना दे दी गई थी।
मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय की बिजली विभागीय टीम ने काट दी। एसडीओ कुतुबखाना गौरव शर्मा ने बताया कि सपा कार्यालय पर बिजली बिल 1.15 लाख रुपया बकाया है। कई बार कहने के बावजूद बिल जमा नहीं किया गया। मंगलवार को बिजली कनेक्शन काटने से पहले फोन कर इसकी सूचना सपा के कार्यालय सचिव को दी गई थी। इसके बाद भी सपा की ओर से बकाया बिजली बिल जमा नहीं किया गया। इस दौरान उनके साथ जेई मनीष गुप्ता और अन्य बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।
छह-सात सालों से नहीं जमा हुआ है बिल
एसडीओ गौरव शर्मा के मुताबिक, सपा कार्यालय का बिजली बिल छह-सात सालों से जमा नहीं किया गया है। पिछले छह माह में उन्होंने लगभग आठ बार कार्यालय में फोन करके बकाया बिजली बिल का भुगतान करने के लिए कहा था। इसके बाद भी सपा कार्यालय ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लिहाजा कार्यालय की बिजली काटनी पड़ी है।
सिर्फ फोन पर कहा, कोई नोटिस नहीं दिया
एसडीओ गौरव शर्मा ने बताया कि उन्होंने सपा कार्यालय में छह माह में करीब आठ बार फोन कर बकाया बिजली बिल जमा करने को कहा। नोटिस के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इस बाबत कार्यालय को कोई नोटिस नहीं भेजा गया। बिना नोटिस दिए कनेक्शन नहीं काटा जा सकता है। हालांकि सपा की ओर से पावर कॉरपोरेशन की इस कार्रवाई का अब तक कोई विरोध नहीं किया गया है।
एक लाख से ज्यादा का बिजली बिल एक-दो दिन में बकाया नहीं हो सकता है। यह छह-सात साल का बकाया है। इसे जमा कराने के बाद कनेक्शन जुड़वाया जाएगा।- शिव चरन कश्यप, सपा जिलाध्यक्ष