बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 के लिए अंतर-महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का अनंतिम कैलेंडर जारी किया है। इसमें पुरुष और महिला दोनों वर्गों की कुल 57 स्पर्धाओं के लिए संबद्ध महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसर को मेजबानी सौंपी गई है।
बरेली कॉलेज कराटे, पावरलिफ्टिंग और वेटलिफ्टिंग (पुरुष व महिला) की मेजबानी करेगा। रुविवि परिसर में एथलेटिक्स, सेपक टकराव, टेबल टेनिस, वुडबॉल, योग और बास्केटबॉल (पुरुष) स्पर्धाएं होंगी। महाराजा अग्रसेन कॉलेज को क्रिकेट, जू-जित्सु और टेनिस की जिम्मेदारी मिली है। जेपीएम कॉलेज कबड्डी व खो-खो, जबकि अवंती बाई कॉलेज नेटबॉल का आयोजन करेगा। उत्कर्ष कॉलेज बैडमिंटन और केसीएमटी बास्केटबॉल (महिला), हैंडबॉल, हॉकी व वॉलीबॉल (महिला) की मेजबानी करेंगे। निहाल श्याम कॉलेज में जिमनास्टिक, एसआरएस महिला कॉलेज में टेबल टेनिस व योग तथा गंगाशील कॉलेज में वॉलीबॉल (पुरुष) का आयोजन होगा।
अन्य जिलों के कॉलेजों को भी मिली जिम्मेदारी
बरेली के बाहर भी कई कॉलेजों को आयोजन की जिम्मेदारी दी गई है। ठाकुर रोशन सिंह कंट्स राजकीय कॉलेज कटरा, शाहजहांपुर शतरंज और निशानेबाजी की मेजबानी करेगा। जीएफ कॉलेज, शाहजहांपुर फुटबॉल, एनएमएसएन दास कॉलेज बदायूं मुक्केबाजी व जूडो का आयोजन करेगा। कंसटीट्यूट कॉलेज, सहसवान तीरंदाजी, गन्ना उत्पादक कॉलेज बहेड़ी क्रॉस कंट्री तथा राजकीय कॉलेज, बिल्सी कुश्ती की मेजबानी करेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि एआईयू के खेल कैलेंडर के अनुसार जल्द ही अंतिम तिथियां घोषित की जाएंगी।