रुहेलखंड विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-ऊषा) योजना के तहत तकनीकी नवाचार और कौशल विकास के लिए चुना गया है। यह चयन देश के 80 राज्य विश्वविद्यालयों में से केवल 26 का हुआ है, जिसमें रुहेलखंड विश्वविद्यालय भी शामिल है। इस पहल से छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाया जाएगा।
इस योजना के तहत विश्वविद्यालय को वित्तीय अनुदान और तकनीकी सहायता प्राप्त होगी। इसका उद्देश्य छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और स्टार्टअप जैसी उभरती तकनीकों में कुशल बनाना है। विश्वविद्यालय के प्रो. एसएस बेदी को इस पहल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह प्रभार एमबीए के प्रो. संजय मिश्रा के पास था। मीडिया सेल के अनुसार, प्रमुख तकनीकी कार्यक्रमों में इलेक्ट्रॉनिक किट पहल कार्यशालाएं शामिल होंगी। इन कार्यशालाओं में पीसीबी डिजाइन और माइक्रोकंट्रोलर प्रोग्रामिंग जैसे प्रशिक्षण दिए जाएंगे।
पांच तरह के कार्यक्रम चलाए जाएंगे-
इलेक्ट्रॉनिक किट इनिशिएटिव वर्कशॉप कराई जाएगी, इसके समन्वयक प्रो. मनीष राय होंगे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक किट्स, एम्बेडेड सिस्टम, सेंसर इंटरफेसिंग, माइक्रोकंट्रोलर प्रोग्रामिंग (ऑर्डिनो, आईओटी आधारित मॉड्यूल) एवं हार्डवेयर प्रोटोटाइपिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
स्टार्टअप इन्क्यूबेटर एवं फ्यूचरिस्टिक स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना होगी, इसके समन्वयक प्रो. यतेंद्र कुमार होंगे। इस पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय में एक सशक्त इनोवेशन इकोसिस्टम विकसित करना है। विश्वविद्यालय परिसर में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन सेंटर, उद्यमिता विकास मंच एवं भविष्योन्मुख कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
एसएमटी (सरफेस माउंट टेक्नोलॉजी) असेंबली लाइन कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. राजेश मौर्य होंगे, जो एसएमटी असेंबली लाइन के आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण उद्योग पर कार्य करेंगे, जिससे भविष्य में सेमीकंडक्टर, कंज्यूमर इलेक्ट्रिक इंडस्ट्री में रोजगार की संभावनाएं बढ़ें।
एजेंटिक एआई हैकाथॉन एवं उन्नत कार्यशाला के समन्वयक डॉ. ब्रजेश कुमार रहेंगे। ये कार्यक्रम आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराएगा।
सेमीकंडक्टर स्किलिंग कार्यक्रम में समन्वयक डॉ. इंद्रप्रीत कौर बनाई गई हैं। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के चयनित विद्यार्थियों को उन्नत प्रशिक्षण के लिए आईआईटी चेन्नई भेजा जाएगा।