बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रथम वर्ष दो छात्र ओम पांडेय व मृत्युंजय कौशिक भिड़ गए। छात्र ओम पांडेय ने आरोप लगाया है कि उसे मृत्युंजय कौशिक और उसके साथ आए 10 से 15 बाहरी लड़कों ने बुरी तरह से पीटा। पेपर न देने की धमकी भी दी है। आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया गया है।
इस प्रकरण में विभागीय प्रॉक्टर डॉ. विशाल सक्सेना ने अपनी रिपोर्ट प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सामने रखी। उन्होंने बताया कि जानकारी होने पर वह घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक छात्र मृत्युंजय कौशिक और उसके साथी वहां से जा चुके थे। वहां उपस्थित अन्य सभी छात्रों से पूछताछ की गई।
मृत्युंजय कौशिक से फोन पर भी वार्ता की। मृत्युंजय ने घटना को स्वीकार करते हुए अपने भाई से शिक्षक की बात कराई, उसने भी अभद्रता करते हुए फोन काट दिया।प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने सख्ती दिखाते हुए आराेपी छात्र मृत्युंजय कौशिक को निलंबित किया गया है।
चीफ प्रॉक्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने बताया कि छात्र मृत्युंजय कौशिक को अपना पक्ष रखने के लिए बुधवार दोपहर 12 बजे तक अपने माता-पिता के साथ चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में उपस्थित होना होगा।