गोतस्कर और हत्या आरोपी ने साथियों के साथ फैलाई दहशत
तीन आरोपियों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज, एक गिरफ्तार
बरेली। रुपयों के लेनदेन के विवाद में मंगलवार रात बारादरी के कटीकुइयां में बवाल हो गया। ठेकेदार इरफान कुरैशी से मारपीट के बाद गोमांस तस्कर और हत्या आरोपी जुबैर, अज्जी और राजू ने फायरिंग कर दी। कई राउंड फायरिंग होने से वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची बारादरी पुलिस ने जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इरफान कुरैशी ने बताया कि वह नकटिया स्थित स्लॉटर हाउस के ठेकेदार हैं। उनके पास काम करने वाले सीतापुर के शमसुुल का जुबैर से रुपयों के लेनदेन का विवाद चल रहा है। जुबैर शमसुल पर अपने एक लाख रुपये उधार बताता है, जबकि शमशुल कोई उधारी न होने की बात कहता है। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे इरफान स्लाटर हाउस से भुगतान लेकर आ रहे थे। शाहदाना दरगाह के पास जुबैर ने उन्हें रोक लिया और गालीगलौज करने लगा। उस वक्त आसपास के लोगों ने बीचबचाव करा दिया।
मंगलवार रात करीब 12 बजे वह कटीकुइयां में अपने घर के बाहर अन्य लोगों के साथ बैठे अलाव ताप रहे थे। इसी बीच जुबैर, अज्जी और राजू तमंचे लेकर आ गए। इन लोगों ने गालीगलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इरफान के पास बैठे लोगों ने विरोध किया तो फायरिंग शुरू कर दी। इरफान ने किसी तरह घर में घुसकर जान बचाई। इरफान का आरोप है कि इन लोगों ने वहां आधा दर्जन राउंड से ज्यादा फायरिंग की।
भीड़ जुटी तो भागे हमलावर
इरफान का कहना है कि फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन कर दिया तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। मगर पुलिस ने पीछा करके जुबैर को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
दो आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
इरफान ने बताया कि अज्जी और जुबैर पुराने बदमाश हैं। अज्जी हत्या और फायरिंग के मामले में जेल जा चुका है। वहीं, जुबैर गोमांस की तस्करी और फायरिंग के मामले में जेल गया है।