बरेली। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (आरटीई) के अंतर्गत निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए जारी दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया के तहत आवेदन करने का शनिवार को अंतिम अवसर है। इसके बाद प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे। 12 मार्च से तीसरा चरण शुरू होगा।
दूसरे चरण में अब तक लगभग 1358 आवेदन दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई अभिभावकों को तकनीकी और व्यावहारिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
अभिभावकों का कहना है कि दस्तावेजों में नाम की विसंगतियों के कारण वे समय पर फॉर्म जमा करने में असमर्थ रहे। कुछ आवेदकों ने यह समस्या भी उठाई कि उनके निवास क्षेत्र के स्कूलों में सीटें पहले ही भर चुकी हैं।
नौ मार्च को निकाली जाएगी लॉटरी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार रात 12 बजे तक आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नौ मार्च को विभाग की ओर से लॉटरी निकाली जाएगी।इसमें चयनित बच्चों के नाम घोषित होंगे। 11 मार्च को स्कूलों में दाखिले के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे। जो परिवार दूसरे चरण में स्थान पाने से चूक जाएंगे, उनके लिए तीसरे चरण के आवेदन की प्रक्रिया 12 मार्च से शुरू होगी।