होली के बाद ट्रेनों पर एकाएक यात्रियों का दबाव बढ़ गया है। बरेली होते हुए रेलवे इस बार अप-डाउन 58 होली विशेष ट्रेनें चला रहा है। इसके बावजूद यात्रियों की भीड़ के कारण बरेली से गुजरने वाली अप-डाउन 10 ट्रेनों में रेलवे ने स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। वहीं, पांच विशेष ट्रेनों में सैकड़ों सीटें खाली हैं।
मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि 14207-08 पद्मावत एक्सप्रेस में सात से 16 मार्च तक स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। 14205-06 अयोध्या एक्सप्रेस में नौ से 15 मार्च तक, 22420-19 गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस में सात से 13 मार्च तक, 12056-55 शताब्दी एक्सप्रेस में आठ व नौ मार्च को और 14235-36 बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस में सात से 14 मार्च तक स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।
पांच विशेष ट्रेनों में कन्फर्म टिकट, खाली हैं सैकड़ों सीटें
होली के बाद जहां एक ओर नियमित ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा वहीं दूसरी ओर विशेष गाड़ियों में सैकड़ों की संख्या में सीटें उपलब्ध हैं। 10 से 15 मार्च के बीच बरेली होकर गुजरने वाली पांच विशेष ट्रेनों में बड़ी संख्या में सीटें खाली हैं। हालांकि, एसी श्रेणी के टिकट की मांग ज्यादा होने के कारण एसी श्रेणियों में सीटों की संख्या सीमित है। स्लीपर श्रेणी में भरपूर सीटें उपलब्ध हैं।
इन गाड़ियों में उपलब्ध हैं सीटें
05045 लालकुआं-राजकोट विशेष गाड़ी में 15 मार्च को स्लीपर श्रेणी में 290 और 22 मार्च 386 सीटें उपलब्ध हैं।
05301 मऊ-अंबाला कैंट विशेष गाड़ी में 12 मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 99, तृतीय श्रेणी में 285 सीटें उपलब्ध हैं।
05005 बढ़नी-अमृतसर विशेष गाड़ी में 11 मार्च को स्लीपर श्रेणी में 176 और 18 मार्च को 437 सीटें उपलब्ध हैं।
05023 गोमती नगर-खातीपुरा विशेष गाड़ी में 10 मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 17, तृतीय श्रेणी 53 और स्लीपर में 316 सीटें उपलब्ध हैं।
05060 लालकुआं-कोलकाता विशेष गाड़ी में 12 मार्च को एसी द्वितीय श्रेणी में 54 और तृतीय इकोनॉमी श्रेणी में 197 सीटें उपलब्ध हैं।