बरेली। नगर पालिका नवाबगंज में खरीद-फरोख्त में हुए 41.45 लाख रुपये के घोटाले में तत्कालीन एसडीएम, दो ईओ और कई अभियंता शामिल हैं। इसमें फर्मों से कुल 3.04 लाख रुपये की रिकवरी हो गई है। शेष बकाया वसूली शासन स्तर से होनी है, जो अभी तक नहीं हो पाई है। पूर्व पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर को 17.78 लाख रुपये की वसूली के लिए कारण बताओ नोटिस जारी है। इसमें कार्रवाई अभी गति नहीं पकड़ सकी है।
ग्राम्य विकास विभाग की टीएसी की तरफ से हुई जांच में पाया गया था कि नगर पालिका में डस्टबिन, रिक्शा ठेली और कंबल खरीद से लेकर अलाव जलाने तक में घोटाला किया गया। वसूली योग्य निश्चित की गई 41,45,339 रुपये की धनराशि में चार फर्मों से कुल 3.04 लाख रुपये रिकवरी करने का आदेश विशेष सचिव शासन सत्यदेव पटेल ने 11 अगस्त को जारी किया था। इन फर्मों में इंडियन वर्क्स, शमा परवीन, अली वारिस और एमएस कंस्ट्रक्शन हैं। उसी दिन विशेष सचिव ने तत्कालीन पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर से भी 17.78 लाख रुपये वसूली करने के निर्णय की जानकारी देकर कारण बताओ नोटिस जारी किया था। लेकिन, फर्मों से वसूली होने के अलावा अभी तक इस घोटाले में आरोपियों से रिकवरी या कार्रवाई की गति आगे नहीं बढ़ सकी है। अधिशासी अधिकारी आरआर अम्बेश ने बताया कि उन्होंने चारों फर्मों से निर्धारित धनराशि की वसूली कर ली है। उन्होंने कहा कि पूर्व पालिकाध्यक्ष या अन्य लोगों से निर्धारित वसूली के संबंध में कार्रवाई शासन स्तर से चल रही है।
बताया जा रहा है कि तत्कालीन पालिकाध्यक्ष शहला ताहिर के कार्यकाल में तैनात रहे ईओ में शैलेंद्र कुमार और गुलशन कुमार सूरी के साथ ही तत्कालीन एसडीएम वेद प्रकाश मिश्र भी घोटाले में शामिल हैं। उस दौर में एसडीएम वेद प्रकाश के पास भी ईओ का चार्ज रहा था। इनके अलावा घोटाले में अवर अभियंता प्रवीन कुमार बाजपेयी, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड वीरेंद्र कुमार, लेखाकार रमेश नेगी और सहायक अभियंता जल निगम राकेश मौर्य के नाम भी हैं। इन सभी से घोटाले की धनराशि की वसूली बाकी है। संवाद
-
जांच रिपोर्ट में खुले थे घोटाले के राज
टीएसी के प्राविधिक परीक्षक अमित कुमार चौधरी की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट है कि कंबल खरीद में 16.20 लाख, लकड़ी/भूसी खरीद में 12.27 लाख अर्थात कुल 29.47 लाख रुपये का प्रथम दृष्टया गबन मिला। डस्टबिन खरीद में 2.16 लाख, निर्माण कार्य में 19.58 लाख और साइन बोर्ड की खरीद में 7.85 लाख रुपये गबन हुआ है। इस तरह प्राविधिक परीक्षक ने कुल 41,45,348 रुपये का घोटाला होने की पुष्टि रिपोर्ट में कर रखी है।