रेलवे बोर्ड के मेकेनिकल मेंबर हेमंत कुमार ने बुधवार को इज्जतनगर कारखाने पहुंचकर स्पेन की हाईस्पीड ट्रेन टेलगो की टेकभनोलॉजी का जायजा लिया। इसके कोच देखे और जाना कि टेलगो कैसे दौड़ेगी। इस दौरान स्पेन से आई टीम के सदस्यों ने टेलगो का प्रजेंटेशन भी दिया। तय हुआ कि ट्रायल से पहले स्पेन की टीम टेलगो को बरेली-भोजीपुरा रूट पर 29 मई को चलाकर देखेगी। इसके पीछे मकसद ट्रेन की एसेंबल को परखना है। अगर एसेंबल में कोई कमी रह गई होगी तो उसको चलाकर देखते हुए सही कर लिया जाएगा।
सूत्रों ने बताया कि हाईस्पीड ट्रेन से जुड़े सारे तकनीकी पहलुओं को जानने के बाद हेमंत कुमार ने उच्चाधिकारियों को इसके ट्रायल के बाबत अगले आदेश का इंतजार करने को कहा। रेलवे सूत्रों ने बताया कि इसका ट्रायल तो बरेली-मुरादाबाद रूट पर ही किया जाएगा, वह भी तक जब रेलवे बोर्ड इसके लिए हरी झंडी दे देगा। मेकेनिकल मेंबर अपनी रिपोर्ट बोर्ड को दे देंगे। बोर्ड उसके परीक्षण के बाद रेलवे मंत्रालय को संस्तुति करेगा और वहां से हरी झंडी मिलने के बाद ही हाईस्पीड ट्रेन के ट्रायल की शुरुआत होगी। एमएम टीम ने करीब तीन घंटे के निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे कारखाना का भी निरीक्षण किया। बेहतर काम के लिए कारखाना को 25 हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान करने का एलान भी किया। रेलवे बोर्ड के सहायक निदेशक भी यहां पहुंचे। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के डीआरएम और एनआर तथा एनईआर के सीएनई के साथ निरीक्षण किया।
इंसेट...
पीएमओ की निगरानी में है टेलगो
कारखाना इज्जतनगर में निरीक्षण के दौरान रेलवे बोर्ड की टीम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बताया कि टेलगो अत्याधुनिक हाईस्पीड ट्रेन है और इसकी शुरुआत पीएमओ की निगरानी में हो रही है। इज्जतनगर कारखाना के लिए यह बड़ी बात है कि इसका काम यहां दिया गया है। मेेकेनिकल मेंबर हेमंत कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि भारतीय रेलवे तकनीकी तौर पर काफी अपडेट होने जा रहा है। टेलगो तो एक शुरुआत महज है। आगे और भी तकनीकी आदानप्रदान होना है। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मंडल मंत्री जेएस भदौरिया के नेतृत्व में मेकेनिकल मेंबर का स्वागत किया। नरमू के प्रतिनिधि मंडल ने कारखाना में रिक्त पदों पर नियुक्ति आदि मांगों को लेकर ज्ञापन दिया।