रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने परास्नातक विषम सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। हालांकि कुछ विद्यार्थियों का रिजल्ट वेबसाइट पर दिख नहीं रहा है।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (एमजेपीआरयू) ने परास्नातक विषम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। हालांकि कुछ विद्यार्थियों का परिणाम वेबसाइट पर नहीं दिख रहा है। विश्वविद्यालय में अवकाश होने से परेशान छात्र शिकायत नहीं कर सके।
विज्ञापन
विश्वविद्यालय ने एमएससी वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, भौतिकी, रक्षा अध्ययन, पर्यावरण विज्ञान आदि के प्रथम और तीसरे सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जारी किए हैं। इससे पहले एलएलएम, एमएसडब्ल्यू, एमकॉम का रिजल्ट जारी किया गया था। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर रोल नंबर डालकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
बरेली कॉलेज के विद्यार्थियों राहिल, आसिफ, शिवम, संजना ने बताया कि उनका परिणाम वेबसाइट पर नहीं दिख रहा है। रोल नंबर अंकित करने के बाद 'रिजल्ट नॉट फाउंड' दिखाई दे रहा है। ऐसे में उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
छात्रनेता रवि पंडित ने बताया कि उन्होंने विश्वविद्यालय में बात की है। होली के अवकाश के बाद समाधान करने का आश्वासन दिया गया है। अगर विद्यार्थियों की समस्या हल नहीं की जाती है तो वह धरना देंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार ने कहा कि अगर किसी विद्यार्थी के परिणाम में समस्या हो रही है तो उसे दिखवाया जाएगा।