बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में दूरस्थ शिक्षा के तहत ऑनलाइन कक्षाएं प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के एक माह से अधिक समय बाद भी शुरू नहीं हो पाई हैं। इससे 14 पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले चुके विद्यार्थी पढ़ाई को लेकर चिंतित हैं।
सेंटर ऑफ डिस्टेंस एंड ऑनलाइन लर्निंग एजुकेशन (सीओडीई) के तहत पांच अक्तूबर को प्रवेश पूरे हो चुके थे। इनमें बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम, एमएससी गणित, पीजीडीजेएमसी, एमबीए मार्केटिंग और एमएसडब्ल्यू जैसे 14 कोर्स संचालित हैं। ये सभी दूरस्थ शिक्षा कोर्स विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नियमों के अनुसार संचालित होते हैं। पाठ्यक्रम सेमेस्टर आधारित पद्धति पर हैं। इनकी परीक्षाएं छह माह के भीतर होनी हैं। इन पाठ्यक्रमों की फीस भी नियमित डिग्री कोर्स के समान ही है। एक माह बीत जाने के बाद भी ऑनलाइन कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। विद्यार्थी अब तक कक्षाएं शुरू नहीं होने से परेशान हैं।
कक्षाओं में देरी का कारण
सीओडीई के समन्वयक राकेश मौर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से सभी शिक्षकों और छात्रों के व्हाट्सएप समूह बना लिए गए हैं। शिक्षकों को समय-समय पर कक्षाएं लेने के लिए सूचित किया जा रहा है। बताया कि दिवाली की छुट्टियों के कारण कई शिक्षक सक्रिय नहीं रह पाए। विश्वविद्यालय ने दोबारा ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने को कहा है।
सीओडीई में इस बार 82 प्रवेश हुए
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सीओडीई में इस बार 82 प्रवेश हुए हैं। परीक्षाओं को ऑनलाइन कराने की कवायद शुरू से ही थी। प्रवेश संख्या कम होने के चलते यह योजना ठंडे बस्ते में है। ऑनलाइन पाठ्यक्रम के अभ्यर्थियों को भी सामान्य परीक्षाओं की तरह ऑफलाइन परीक्षाएं देनी होती हैं। समन्वयक राकेश मौर्य के अनुसार, प्रवेश संख्या कम होने की वजह से ये परीक्षाएं ऑनलाइन नहीं हो सकीं।