यूजी, पीजी अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं ही होंगी
बरेली। शासनादेश के तहत स्नातक और परास्नातक की परीक्षाएं संपन्न कराने पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति ने मुहर लगा दी है। परीक्षाएं जुलाई में होंगी लेकिन अभी परीक्षा कार्यक्रम तय नहीं किया गया है। परीक्षा की अवधि तीन घंटे से घटाकर डेढ़ घंटा कर दी गई है।
कुलपति कार्यालय समिति कक्ष में बृहस्पतिवार को कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में शैक्षिक सत्र 2020-21 में छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत करने के अपर सचिव उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद के आदेश पर विचार का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में सर्वसम्मति से परीक्षा समिति ने परीक्षाओं को शासनादेश के तहत संपन्न कराने का निर्णय लिया। इसमें स्नातक एवं स्नातकोत्तर के अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं जुलाई में कराने का फैसला किया गया। परीक्षाएं कोविड प्रोटोकॉल के तहत कराई जाएंगी, ताकि संक्रमण की आशंका न रहे।
स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली होगी लागू
समिति की बैठक में परीक्षाएं स्वकेंद्रों पर कराने पर सहमति बनी। परीक्षा में बाह्य परीक्षकों द्वारा कक्ष निरीक्षण किया जाएगा ताकि परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराया जा सके। दूसरे केंद्रों पर परीक्षाएं संपन्न कराने से छात्रों, शिक्षकों के आवागमन और प्रोटोकॉल के पालन में चूक से संक्रमण की आशंका के चलते स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली लागू करने का निर्णय लिया गया।
प्रथम वर्ष/सेमेस्टर की नहीं होगी परीक्षा
निर्णय लिया गया कि प्रश्न पत्रों में बहुविकल्पीय, अति लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। परीक्षा की अवधि डेढ़ घंटा होगी। प्रत्येक विषय का सिर्फ एक ही प्रश्न पत्र होगा। प्रथम वर्ष या सेमेस्टर के छात्र प्रोन्नत किए जाएंगे। लिहाजा, उनकी परीक्षाएं नहीं होंगी। बैठक में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, सहायक कुलसचिव परीक्षा सुनीता यादव, डॉ. स्वदेश सिंह, डॉ. मुकेश कुमार, प्रो. श्याम बिहारी लाल, प्रो. विजय बहादुर यादव, प्रो. जेएन मौर्य, डॉ. अमित सिंह, डॉ. सीएम जैन, डॉ. वीके सिंह मौजूद रहे।
शिक्षा विषय का प्री-पीएचडी कोर्स शुरू
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बीएड/एमएड (शिक्षा विभाग) के शिक्षा विषय का प्री-पीएचडी कोर्स का ओरिएंटेशन शुक्रवार को ऑनलाइन शुरू हुआ। वर्चुअल कार्यक्रम की शुरूआत विभाग के एसोसिएट प्रो. डॉ. तरुण राष्ट्रीय ने की। एसोसिएट प्रो. डॉ. गौरव राव ने शोधार्थियों को तकनीकी पक्ष की जानकारी दी। विभागाध्यक्ष एवं प्री पीएचडी कोर्स की कोऑर्डिनेटर प्रो. नलिनी श्रीवास्तव ने कोर्स वर्क की गतिविधियों, कक्षा, मूल्यांकन की जानकारी दी। कार्यक्रम में 90 शोधार्थियों के अलावा प्रो. रश्मि अग्रवाल, प्रो. संतोष अरोड़ा, सहायक प्राध्यापक रश्मि रंजन, डॉ. कीर्ति प्रजापति मौजूद रहे। ब्यूरो