रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि 23 अप्रैल बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत सत्र 2025-26 के स्नातक पाठ्यक्रमों (बीए, बीएससी, बीकॉम और बीएससी गृह विज्ञान) के द्वितीय सेमेस्टर की बैक परीक्षा के साथ-साथ चतुर्थ एवं षष्ठ सेमेस्टर के संस्थागत व बैक परीक्षा के फॉर्म अब विलंब शुल्क के साथ भरे जा सकेंगे। पूर्व में इन फॉर्मों को भरने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल निर्धारित थी, जिसे अब छात्रहित में आगे बढ़ा दिया गया है।
नया शेड्यूल जारी करते हुए विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी बुधवार से पुनः ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। परीक्षा फॉर्म भरने और निर्धारित परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 अप्रैल तय की गई है। इसके अतिरिक्त, भरे गए आवेदन पत्रों को संबंधित महाविद्यालयों में जमा करने और महाविद्यालय स्तर से उन्हें ऑनलाइन अप्रूव करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित है। इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.mjpru.ac.in या mjpruiums.in के माध्यम से अपने आवेदन पूरे कर सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस बार विलंब शुल्क के रूप में 500 रुपये निर्धारित किए हैं। कॉलेज प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे समय सीमा के भीतर प्राप्त आवेदनों की जांच कर उन्हें सत्यापित करें। विशेष रूप से यह भी सूचित किया गया है कि आवेदन पत्रों की हार्ड कॉपी व्यक्तिगत रूप से या डाक से विश्वविद्यालय में स्वीकार नहीं की जाएगी, इसलिए विद्यार्थियों और कॉलेजों को समस्त प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से ही पूरी करनी होगी। किसी भी प्रकार की त्रुटि के लिए संबंधित महाविद्यालय स्वयं उत्तरदायी होगा।