देर रात पीलीभीत बाईपास पर हादसा, दिल्ली से आ रही थी बस
बरेली। दिल्ली से बरेली आ रही उत्तर प्रदेश परिरवहन निगम के मुरादाबाद डिपो की बस पीलीभीत बाईपास पर डोहरा मोड़ के पास सोमवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। कार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। एक यूनिपोल को तोड़ते हुए बस आगे बढ़कर दूसरे यूनिपोल से टकरा गई। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए।
सोमवार रात करीब डेढ़ बजे बजे रोडवेज बस पीलीभीत बाईपास से होकर सेटेलाइट बस अड्डे की ओर आ रही थी तभी डोहरा मोड़ पर अचानक कार के सामने आ जाने पर ड्राइवर बदायूं के इस्लामनगर निवासी मुनेंद्र ने बस को एक तरफ मोड़ दिया। इससे बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। बस एक यूनिपोल को तोड़ते हुए आगे बढ़ गई और दूसरे यूनिपोल से टकराकर रुक गई। बस में करीब चालीस यात्री सवार थे। हादसे से यात्रियों में चीखपुकार मच गई। परिचालक अखिलेश के अलावा चार यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना पर यूपी-112 और बारादरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने यात्रियों को बस से बाहर निकाला। यात्री चूंकि आसपास के ही थे, सो दूसरे वाहनों से अपने घर चले गए। मंगलवार सुबह 10 बजे रोडवेज की रिकवरी वैन से क्षतिग्रस्त बस को हटवाया गया।