आंवला। पुलिस कार्रवाई के नाम पर रुपये ऐंठने का आरोप लगाकर व्यापारी नेता पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मोहल्ला भुर्जीटोला निवासी जितेंद्र यादव ने कहा है कि उनका पिछले सप्ताह मोहल्ले के ही एक युवक से झगड़ा हो गया था। घटना की रिपोर्ट भी दर्ज हो चुकी है। उसके बाद व्यापारी नेता व उनके एक साथी ने मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई कराने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की थी। इसके एवज में उन्होंने दो बार में 15 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर भी कर दिए थे। बकाया पांच हजार की रकम न देने पर धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस द्वारा जेल भेजने की बात कही। पुलिस ने आरोपी व्यापारी नेता सुनील गुप्ता व बेचे लाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद
थाने पहुंचकर किया हंगामा तो पुलिस ने दूसरे पक्ष पर की कार्रवाई
इस मामले में दूसरे पक्ष से व्यापारी नेता सुनील गुप्ता अपने व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों के साथ थाने पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस ने भुर्जीटोला निवासी सुधीर यादव, जितेंद्र यादव व एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उनका कहना था कि उनकी दुकान से कई साल पहले आरोपी टीवी व फ्रीज उधार लेकर गया था। तकादा करने पर आरोपी उनके खाते में टीवी के 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, जबकि शेष रह गई राशि नहीं लौटाई। उन्होंने आरोपी पर उनकी छवि को खराब करने का आरोप लगाया है। इस दौरान विजय गुप्ता, मशकूर खां, पवन श्रीवास्तव, विजय वर्मा, रामगोपाल गुप्ता, राकेश शर्मा एडवोकेट आदि रहे। संवाद